तिब्बड़ी रोड पर ठेके से 90 हजार की शराब चोरी
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
एक सप्ताह के बी.च ही चोरों ने 3 शराब के ठेकों को निशाना बनाकर लाखों रुपए की शराब चोरी की है। ठेकों पर हुई चोरी से जहां ठेकेदारों का लाखों का नुकसान हुआ है, वहीं अन्य ठेकेदारों के हाथ पैर फूलने लगे हैं। गौर हो कि तीनों चोरियों में चोरों ने सिर्फ महंगी शराब ही चोरी की है जबकि सस्ती व देसी शराब को हाथ तक नहीं लगाया।
सोमवार की रात गुरदासपुर-मुकेरियां रोड पर घराला मोड़ के सामने स्थित शुभ इंटरप्राइजेज के ठेके को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का शट्टर तोड़कर अंदर पड़ी महंगी अंग्रेजी शराब की पेटियां चोरी कर लीं। ठेके के सेलमैन सतपाल ने बताया कि सुबह जब वो दुकान पर आया, तो दुकान का शट्टर टूटा हुआ था। उसने-अपने मालिकों को फोन पर सूचित किया। जब शट्टर को खोलकर देखा गया तो ठेका पूरी तरह से खाली पड़ा था सिर्फ देसी शराब की कुछ बोतलें ही वहां थीं। चेक करने पर पता चला कि चोर ठेके से अंग्रेजी शराब की सभी पेटियां व बोतलें चोरी कर ले गए थे, जिससे ठेकेदारों का 90 हजार के करीब नुकसान हुआ है। इस संबंध में थाना तिब्बड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी संबंधी जानकारी देते सेलमैन सतपाल। (दाएं) चोरों द्वारा तोड़ा गया शट्टर।
सप्ताह पहले हुई थी दो ठेकों पर पौने 3 लाख की चोरी
10 व 11 अप्रैल की रात को भी चोरों ने प्रेम नगर रोड व वरसोला अड्डे पर ठेकों को निशाना बनाया था। वहां से चोरों ने सिर्फ अंग्रेजी शराब ही उड़ाई थी। दोनों चोरियों में भी ठेकेदारों का पौने 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। पुलिस अभी इन चोरी को हल नहीं कर सकी थी कि चोरों ने तीसरी चोरी को भी अंजाम दे दिया है। एक ही रात में एक साथ लाखों रुपये की चोरी हो रही शराब के ठेकेदारों की नींद उड़ गई।