पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू,14 दिन में दो किसान पहुंचे मंडी

1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू,14 दिन में दो किसान पहुंचे मंडी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मार्केट कमेटी गुरदासपुर के सचिव कुलजीत सिंह ने कहा कि पिछले साल गुरदासपुर की मंडियों में 5 लाख 7 हजार 791 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई थी। वहीं, इस साल मंडियों में 6 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं आने की संभावना है। इसके अलावा इस बार मौसम भी सही होने के कारण फसल को प्राकृतिक आपदा का सामना नहीं करना पड़ा, जिस कारण फसल का झाड़ भी अच्छा होने की संभावना है। पिछले साल किसानों को 1625 रुपए प्रति क्विंटल मूल्य दिया गया था, लेकिन इस साल पंजाब सरकार द्वारा गेहूं के मूल्य में 110 रुपए का इजाफा कर 1735 रुपए कर दिया है।

सूरतेहाल
गेहूं के मूल्य में 110 रुपए इजाफा, गुरदासपुर मंडी बोर्ड के अधीन 12 मंडियां

भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर

पंजाब सरकार द्वारा गेहूं की खरीद के लिए 1 अप्रैल से सरकारी खरीद की घोषणा की हुई है, लेकिन 14 दिनों के बाद सिर्फ 2 किसान ही अपनी गेहूं लेकर मंडी में पहुंचे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुछ दिन पहले खराब हुए मौसम के कारण गेहूं पूरी तरह से पक कर तैयार नहीं हुई है, जिस कारण मंडी में गेहूं के पहुंचने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। किसानों को मंडी में किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखते हुए सभी प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं। मार्केट कमेटी गुरदासपुर के अधीन 12 दाना मंडियां आती हैं तथा सभी मंडियों में प्रबंध मुकम्मल हैं।

मार्केट कमेटी गुरदासपुर के सचिव कुलजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू कर दी है, जिसके चलते मंडियों में प्रबंध पूरे कर लिए हैं। गेहूं लेकर आने वाले किसानों के लिए पानी, शौचालय, बिजली, छाया, बैंच, पंखों का प्रबंध कर दिया है। सरकार की हिदायतों के अनुसार किसानों को मंडियों में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पिछले सीजन में गेहूं की जितनी भी पेमेंट बनी थी वह किसानों को अदा कर दी गई है। किसी किसान का बकाया नहीं है।

साल 2016-17 में 5 लाख 7 हजार 910 क्विंटल गेहूं पहुंची, इस साल 10 फीसदी अधिक पहुंचने का अनुमान
6 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं आने की संभावना

12 में से छह मंडियों के फर्श कच्चे
जिला मार्केट कमेटी के सचिव कुलजीत सिंह ने बताया कि गुरदासपुर के अधीन 12 मंडियां आती हैं जिनमें से 6 के फर्श पक्के हैं जबकि 6 के फर्श अभी तक कच्चे हैं। अधिकारियों के अनुसार पंजाब सरकार द्वारा कच्ची मंडियों को पक्का करने का अभी कोई प्रपोजल नहीं है। गुरदासपुर की पक्की मंडियों में गुरदासपुर, फोकल प्वाइंट आली नंगल, काला नंगल, भागोकावां, गजनीपुर, साहोवाल शामिल हैं, जबकि खुथी गाहलड़ी, दोरांगला, वरसोला, गुरदास नंगल, गोहत भटि्टयां व चूहड़पुर की मंडियां कच्ची हैं।

मौसम खराब होने से गेहूं पकने में कुछ समय लगेगा : किसान
गांव केशोपुर से गेहूं लेकर पहुंचे किसान कश्मीर सिंह व दलबीर सिंह ने कहा कि कुछ दिन मौसम खराब होने के कारण गेहूं पकने में अभी कुछ समय लग सकता है। वहीं, गेहूं में नमी की मात्रा भी अधिक हो सकती है, क्योंकि बारिश व आंधी से कई जगहों पर गेहूं खेतों में बिछकर पानी में डूब गई है। इससे किसानों को मंडी आकर गेहूं सुखाने में भी समय लग सकता है।

खबरें और भी हैं...