पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सिखों पर अभद्र टिप्पणी का वीडियो बनाने वाले शिवसेना नेता को जेल, कोर्ट के बाहर युवकों ने घेरा

सिखों पर अभद्र टिप्पणी का वीडियो बनाने वाले शिवसेना नेता को जेल, कोर्ट के बाहर युवकों ने घेरा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर

बुधवार को पुलिस ने सिखों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने वाले पूर्व शिवसेना नेता को कोर्ट में पेश किया। इसी बीच सिख समुदाय के लोग वहां पहुंच गए और उन्होंने शिवसेना नेता को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से सिख युवक सफल नहीं हो पाए। वहीं, एक दिन के रिमांड के बाद सीजेएम कोर्ट ने शिवसेना के पूर्व नेता को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दे दिए।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सिटी पुलिस शिवसेना हिंदोस्तान के पूर्व नेता रणदीप कुमार निवासी गुरदासपुर को लेकर कोर्ट पहुंची। रणदीप पर सिखों पर आपत्तिजनक भाषा में टिप्पणी करते हुए उसका वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप है। मामले में सीआईए की टीम ने मंगलवार को रणदीप को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, कोर्ट ने रणदीप को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया था। वहीं, बुधवार को जब सिटी पुलिस रणदीप को कोर्ट लेकर पहुंची, तो वहां पर सिख समुदाय के युवक पहुंच गए। कोर्ट के बाहर करीब आधे घंटे तक हंगामा हुआ। इसके बाद जब कोर्ट ने रणदीप को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया और जब पुलिस उसे अपने वाहन में लेकर निकली, तो सिख युवकों ने गाड़ी रोककर रणदीप तक पहुंचने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सिख युवकों को कोर्ट से बाहर कर दिया

सिख युवकों को रोकते कर्मी तथा (दाएं) गाड़ी में बैठे शिवसेना नेता को पकड़ने के प्रयास में कर्मियों से उलझते सिख युवक।

पंजाबी गायक को गोली लगने के बाद वीडियो वायरल की थी

रणदीप कुमार पंजाबी गायक परमीश वर्मा पर गोली चलने की घटना के बाद दो-तीन दिन से सिखों पर अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला वीडियो वायरल कर रहा था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सिख समुदाय में खासा रोष था। साथ ही सिख समुदाय की ओर से भी वीडियो वायरल कर रणदीप को उसका जवाब देते हुए रणदीप को खुलकर सामने आने को कहा। इसके बाद रणदीप ने दूसरा वीडियो जारी कर माफी मांग ली। इसके बाद सुच्चा सिंह ने मंगलवार को थाना भैणी मियां खां में रणदीप कुमार के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने की शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने रणदीप कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे एक दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, इसके बाद बुधवार को रणदीप को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया।

सोशल मीडिया पर रणदीप की मौत की अफवाह

बुधवार को शाम सोशल मीडिया पर रणदीप का फाइल फोटो और किसी अन्य युवक की खून से लथपथ फोटो लोड कर सनसनी फैलाई गई। इसके बाद गुरदासपुर में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया कि रणदीप की हत्या कर दी गई है। हालांकि दैनिक भास्कर ने भैणी मियां थाना इंचार्ज सरबजीत सिंह से बात की तो उन्होंने सोशल मीडिया की खबर को गलत बताते हुए कहा कि सुरक्षा घेरे में रणदीप को पठानकोट जेल भेजा गया है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।

सुरक्षा कारणों से रणदीप को पठानकोट जेल भेजा

भैणी मियां खां थाना इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी रणदीप कुमार ने बताया कि शराब के नशे में उसने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया था। वहीं कोर्ट आदेश के बाद सुरक्षा कारणों से उसे पठानकोट जेल भेज दिया गया है।

खबरें और भी हैं...