- Hindi News
- National
- जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ग्राम स्वराज अभियान कारगर : डीसी
जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ग्राम स्वराज अभियान कारगर : डीसी
भास्कर संवाददाता| गुरदासपुर
जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से जिला गुरदासपुर में ग्राम स्वराज अभियान पूरे जोरों-शोरों से चल रहा है। इसी के संबंध में लोक हित स्कीमों का जायजा लेने के लिए मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट व हाइवे से प्रियंक भारती एवं अंडर सेक्रेटरी डिफेंस विजय सचदेवा ने ब्लॉक गुरदासपुर के गांवों में दौरा किया।
इनमें गांवों में बाबोवाल व हरदोबथवाला शामिल थे। बाबोवाल में डीसी सिद्धू ने लोगों को बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत सरकार की ओर से जरूरतमंद परिवारों को 7 स्कीमों का लाभ दिया जाएगा और अभियान कारगर साबित हो रहा है। यह अभियान 14 अप्रैल से 5 मई तक चलेगा। वहीं जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं उसको लेकर भारत सरकार ने दो सीनियर अधिकारियों को भेजा है। अभियान के अगले कार्यक्रम तहत 20 अप्रैल को फूड एंड सप्लाई विभाग उज्जवला दिवस मनाएंगे।
गांववासियों को संबोधित करते डीसी गुरलवलीन सिंह सिद्धू।
गरीब लोगों तक पहुंचाएंगे स्कीमाें का लाभ
प्रियंक भारती ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा उजाला योजना, प्रधानमंत्री उज्जवल योजना, सेहत बिजली हर घर योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, मिशन इंद्रधनुष अधीन दी जा रही सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो जरूरतमंद सरकारी स्कीमों से वंचित रह गए हैं, उनको ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत लाभ मुहैया करवाया जाएगा।
पीएम जन-धन योजना के तहत जीरो बैलेंस पर खुल रहा खाता
बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना तहत जीरो बैलेंस पर खाता खोला जाता है। वहीं 6 महीने के बाद अगर खाते में कोई पैसा न हो, तो भी उस खाते से 5 हजार रुपए ओवर ड्राफ्ट के जरिए निकाले जा सकते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में केवल 12 रुपए वार्षिक किस्त भरकर 2 लाख रुपए तक 18 साल से 70 साल तक के व्यक्ति का बीमा कवर किया जा सकता है। वहीं यह बीमा केवल हादसे में मौत होने के बाद ही मिलता है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ज्योति बीमा योजना तहत साल में एक बार 330 रुपए की प्रीमियम भरकर दो लाख रुपए तक का बीमा करवाया जा सकता है। इसके लिए योग्य आयु 18 साल से 50 साल है।