पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गुरदासपुर के अर्बन क्षेत्र में 19 हजार बच्चों में से 5000 को एमआर इंजेक्शन लगाए : डॉ. महंत

गुरदासपुर के अर्बन क्षेत्र में 19 हजार बच्चों में से 5000 को एमआर इंजेक्शन लगाए : डॉ. महंत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर

गुरदासपुर में सेहत विभाग की टीम को अर्बन क्षेत्र के 19 हजार के करीब बच्चों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य मिला है, जिसके तहत सेहत विभाग की टीम इस लक्ष्य को पूरा करने में जुटी हुई है। हालांकि सेहत विभाग की टीम को कई अभिभावक अपने बच्चे को वैक्सीन न लगवाने के लिए भी कह रही है। लेकिन सेहत विभाग की टीम अभिभावकों को समझाते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मुहिम को आगे बढ़ा रही है।

इसी कड़ी के चलते मंगलवार को वंडरलैंड स्कूल में भी बच्चों को वैक्सीन लगाने का काम शुरू किया गया। स्कूल की वाइस प्रिंसिपल शिवानी महाजन ने बताया कि हमारे स्कूल में 300 के करीब बच्चों को वैक्सीन लगाई गई है, जिसको देखते हुए बच्चों में वैक्सीन लगाने में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर डॉ. अजेश्वर महंत ने भास्कर को बताया कि टीकाकरण की वीडियो वायरल होने के चलते प्रशासन के टीकाकरण अभियान को पहले दिन ही धक्का लगा था। वहीं, कुछ अभिभावकों ने स्कूलों में पत्र लिखकर अपने बच्चों को टीका नहीं लगाने की गुहार भी लगाई थी। हालांकि बाद में सेहत अधिकारियों ने वीडियो को फेक बताते हुए अभिभावकों की भ्रांतियों को दूर किया था। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के शुरू में हमारी टीम को काफी मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा था, लेकिन अब जैसे-जैसे यह काम चल रहा है वैसे-वैसे लोग भी जागरूक हो रहे हैं और अभिभावक अपने बच्चों को बेझिझक वैक्सीन लगवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर अर्बन क्षेत्र में सेहत विभाग की टीम के लिए 19 हजार बच्चों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित हुआ है, जिसमें से अभी तक 5 हजार से अधिक बच्चों को कवर कर लिया गया है। उन्होंने ने बताया की रुबेला-खसरा एक खतरनाक बीमारी है, जिसको जड़ से खत्म करने के लिए सरकार द्वारा यह वैक्सीन लगाई जा रही है। इस टीके का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। इस मौके पर स्कूल स्टाफ व अभिभावक मौजूद थे।

वंडरलैंड स्कूल में बच्चों को एमआर वैक्सीन लगाते सेहत विभाग की टीम व अन्य।

स्कूलों के बाद चलेगा डोर-टू-डोर अभियान

डॉ. अजेश्वर महंत ने बताया कि जिले में पहले चरण में एक-एक कर सभी स्कूलों में अभियान के तहत स्टूडेंट्स को टीके लगाए जाएंगे। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य सरकारी व अर्ध सरकारी मुलाजिमों की मदद से डोर-टू-डोर अभियान चलाकर बच्चों को टीके लगाए जाएंगे।

जिले के 3 लाख 84 हजार 286 बच्चों को लगेंगे टीके

अभियान के तहत जिले के करीब 3 लाख 84 हजार 286 बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। एक मई से 5 हफ्तों तक यह अभियान चलेगा। 9 माह से 15 साल तक के बच्चों को टीके लगाए जाने हैं। इसके लिए 355 टीमों का गठन किया गया है। साथ ही 121 सुपरवाइजर और एक नोडल टीम भी इस पर नजर रखेगी। हर टीम में 5 सदस्य होंगे। इनमें वैक्सीनेटर्स, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, वालंटियर, डॉक्टर शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...