पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सीएम की चेतावनी पर आरटीए ने 3 महीने में वसूले एक करोड़

सीएम की चेतावनी पर आरटीए ने 3 महीने में वसूले एक करोड़

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर

प्रदेश के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा अवैध माइनिंग के खिलाफ प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देने का असर जिले में नजर आने लगा है। सीएम की चेतावनी के बाद आरटीए लगातार चेकिंग अभियान चला रहा है। इसी अभियान का असर है कि उसने 3 महीने में एक करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला है। चेकिंग की जगह बार-बार बदलने से वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। आरटीए की सक्रियता के चलते इनलीगल माइनिंग में लगे वाहन भी अब सड़कों पर कम नजर आने लगे हैं।

पहले इनलीगल माइनिंग में लगे वाहन चालक और इस खेल को अंजाम देने वाले लोग गुरदासपुर और पठानकोट जिले की सीमाओं का फायदा लेते हुए आरटीओ विभाग को ठेंगा दिखा रहे थे। इनलीगल माइनिंग के खेल पर लगाम नहीं कसने के चलते प्रदेश सरकार ने अधिकारियों को जमकर लताड़ा था। यही कारण है कि इसके बाद आरटीए सड़कों पर नजर आने लगे और उसने लगातार जिले में अभियान चलाकर इस खेल को काफी हद तक कंट्रोल कर लिया है। आरटीए की सक्रियता का ही उदाहरण है कि 3 महीने में एक करोड़ 5 लाख का जुर्माना वसूला है। पहले चेकिंग की खबर वाहन चालकों तक पहुंच जाती थी और इसी के चलते आरटीए के अभियान की हवा निकल जाती थी। इसके बाद आरटीए ने चेकिंग के तरीके बदलते हुए बार-बार चेकिंग की जगह बदलना शुरू कर दिया। साथ ही जगह की जानकारी अपने स्टॉफ को भी नहीं दी। अब सड़कों पर इनलीगल माइनिंग में लगे वाहन जहां नजर नहीं आ रहे हैं, वहीं ओवरलोड चलने वाले वाहन भी अब कम नजर आ रहे हैं। वहीं, बिना परमिट चलने वाली बसों की संख्या में भी काफी कमी आई है।

सरकार के टारगेट से अधिक वसूला जुर्माना: आरटीए

आरटीए बलदेव सिंह रंधावा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने गुरदासपुर आरटीए को साल में 3 करोड़ 60 लाख का जुर्माना वसूलने का टारगेट दिया है। यानी हर महीने 30 लाख रुपए का जुर्माना, जबकि गुरदासपुर आरटीए ने तीन महीने में ही एक करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूलकर टारगेट को पीछे छोड़ दिया है।

स्कूल बसों की चेकिंग जल्द

स्कूली बसों में यात्रा करने वाले बच्चे सुरक्षित रहें, इसके लिए भी आरटीए बलदेव सिंह जल्द अभियान चलाने वाले हैं। उनका कहना है कि जब स्कूल खुलें, तब तक स्कूली बसों की सारी कमियां पूरी हो जाएं।

बलदेव रंधावा

खबरें और भी हैं...