भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
शुगर मिल कीड़ी अफगाना में शीरे के उबाल से ब्यास दरिया में फैले प्रदूषण के चलते पंजाब सरकार और प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड पंजाब ने मिल को सील कर दिया है। वहीं, सरकार के फैसले के बाद किसान संगठनों ने एडीसी को एक मांगपत्र सौंपा है।
इसके चलते सोमवार को पगड़ी संभाल जट्टा और लोक इंसाफ पार्टी के नेताओं और किसानों ने एडीसी (ज) सैय्यद सहिरिश असगर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसान नेताओं ने बताया कि शुगर मिल प्रबंधकों ने किसान हितों को मद्देनजर रखते हुए अप्रैल महीने के आखिर तक खेतों में खड़े गन्ने की पिराई की है और अब मिल में तैयार पड़ी चीनी बिकने पर ही गन्ने की बकाया राशि का भुगतान होगा, इसलिए मिल में तैयार चीनी को बेचने की अनुमति मिलनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि प्रदूषण के मामले में मिल की त्रासदी को कुदरती आफत मानकर किसानों को और आहत होने से बचाया जाए। इस मौके पर रूपिंदर सिंह फौजी, पुशपिंदर बिल्ला, विजय सैनी, गुरनाम सिंह छीना, लखबीर सिंह, बलबीर सिंह, भगत सिंह, रशपाल सिंह, निशान सिंह, जतिंदर सिंह, सरदूल सिंह आदि मौजूद थे।