भास्कर संवाददाता | पठानकोट/गुरदासपुर
पठानकोट का एयरपोर्ट चालू होने के बाद अब शहर में ही पासपोर्ट बनवाने की सुविधा भी 23 मई से शुरू हो जाएगी। जिला पठानकोट और जिला गुरदासपुर के लोगों को अब पासपोर्ट बनाने के लिए जालंधर या फिर होशियारपुर जाने की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा जिला पठानकोट के मुख्य डाकघर में शुरू हो जाएगी।
पहले पठानकोट और गुरदासपुर के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए जालंधर या होशियारपुर जाना पड़ता था। 1 महीने के समय में कई चक्कर लगाने के बाद ही पासपोर्ट बन पाता था, लेकिन पठानकोट में सेंटर बनने से लोगों को दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। 23 मई को सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ मेन पोस्ट आफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। जानकारी गुरदासपुर डिवीजन के मुख्य प्रबंधक जीसी गोयल ने दी। उन्होंने बताया कि जिला पठानकोट व गुरदासपुर के लोगों की मांग पर डाक विभाग की तरफ से सरकार को पासपोर्ट सुविधा जिला पठानकोट और गुरदासपुर के लिए मुहैया करवाने के लिए लिखित भेजा गया था और स्वीकृति मिलने के बाद यह सुविधा पठानकोट में शुरू की जा रही है। गुरदासपुर डिवीजन के मुख्य प्रबंधक जीसी गोयल ने बताया कि यह सुविधा पठानकोट, गुरदासपुर और इस के साथ अतिरिक्त साथ लगते क्षेत्र के लोगों को उपलब्ध होगी। 23 मई को होने वाले इस समारोह में जालंधर से रीजनल पासपोर्ट आफिसर हरमनबीर सिंह गिल भी पहुंचेंगे।
सुविधा
जीसी गोयल
पठानकोट के मुख्य डाकघर में पासपोर्ट केन्द्र का 23 मई को होगा उद्घाटन, 4 काउंटर्स पर जालंधर से आएगा स्टाफ
www.passportindia.gov.in पर ऑनलाइन अप्लाई कर मिलेगी एप्वाइंटमेंट
पासपोर्ट आफिस पठानकोट के मुख्य डाकघर के फर्स्ट फ्लोर पर बनाया जाएगा, जहां लोगों को पासपोर्ट सुविधा देने के लिए 4 काउंटर लगाए जाएंगे। इस सेवा के लिए मुख्य डाकघर के कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। पासपोर्ट सेवा केंद्र में डाक विभाग का स्टाफ और रीजनल पासपोर्ट ऑफिस जालंधर के सदस्यों को डेप्यूट कर पठानकोट में यह सेवा शुरू की जाएगी। जिला पठानकोट व गुरदासपुर के लोगों को अब केवल www.passportindia.gov.in पर ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। उसके बाद तय तिथि पर जाकर डॉक्यूमेंटेशन और इंटरव्यू देकर पासपोर्ट बनवाया जा सकेगा।