डेंगू से बचना है तो सफाई पर ध्यान दें : डॉ. बब्बर
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
सेहत विभाग के निर्देशों पर तहत नए सिविल हॉस्पिटल बब्बरी जीवनवाल में डेंगू दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया, जबकि इस समारोह की अध्यक्षता की बागडोर एसएमओ डॉ. विजय कुमार के हाथों में रही। इस मौके पर डॉ. लोकेश, डॉ. अजेश्वर महंत, डॉ. कमलदीप, डॉ. प्रेरणा, डॉ. हरप्रीत कौर के अलावा सेहत स्टाफ में राम प्यारी, विनोद कुमार, रीटा, कंवलजीत, अंजू बाला, हरजीत कौर ने हाजिरी भरी। कार्यक्रम में मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. मनजिंदर बब्बर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डेंगू बेहद घातक बीमारी है और इसका सीजन आने पर हर साल कई लोग इस बीमारी के चपेट में आ जाते हैं। वहीं, इसका समय पर इलाज न होने पर मरीज की मृत्यु भी हो सकती है। इसलिए डेंगू रोग से बचने के लिए जितनी अधिक एहतियात बरतें उतना ही बेहतर है। डॉ. बब्बर ने बताया कि एडीज एजिप्टी नामक मच्छर के काटने से डेंगू होता है और इस मच्छर का लारवा साफ पानी में पनपता है। इसलिए इस लारवे के पैदा होने की नौबत ही न आए, इसके लिए अपने आस-पास कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें और वहां पर तुरंत सफाई कर दें। यदि ऐसा करने में असमर्थ हों तो जहां पानी इकट्ठा हैं, वहां पर जले हुए तेल का छिड़काव कर दें, ताकि एडीज लारवा पैदा न हो। उन्होंने बताया कि शरीर को पूरा ढकने वाले कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी और एंटी मॉस्किटो यंत्रों/क्रीमों का उपयोग करें।
जागरूकता
हर शुक्रवार को ड्राई-डे मनाने का दिया संदेश, डेंगू से बचने के उपाय बताए
डेंगू दिवस पर आधारित समारोह को संबोधित करते डॉ. मनजिंदर बब्बर।
सेहत केंद्र में डेंगू के टेस्ट होते हैं नि:शुल्क : डॉ. पूजा
सेहत अधिकारी डॉ. पूजा खोसला ने बताया कि डेंगू बीमारी का आभास होने पर तुरंत सरकारी सेहत केंद्र में जांच करवानी चाहिए। सरकार द्वारा सुविधा के तौर पर डेंगू के टेस्ट सरकारी सेहत केंद्रों में फ्री किए जाते हैं। इसके बाद एसएमओ डॉ. विजय ने बताया कि सरकारी अस्पताल गुरदासपुर में डेंगू से बचाव के लिए पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं और मरीजों के लिए 24 घंटे सुविधा उपलब्ध है। साथ ही में उन्होंने हफ्ते के एक दिन शुक्रवार को ड्राई-डे जरूर मनाने का आह्वान किया।