पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हिमाचल से चरस सप्लाई करने आए तीन युवकों को सीआईए स्टाफ ने किया काबू

हिमाचल से चरस सप्लाई करने आए तीन युवकों को सीआईए स्टाफ ने किया काबू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर

हिमाचल से चरस सप्लाई करने आ रहे तीन हिमाचली युवकों को सीआईए स्टाफ ने काबू किया है। आरोपियों से पुलिस ने सवा 3 किलो चरस बरामद की है, जबकि उनके 2 पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिए गए हैं। तीनों युवकों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पता चल सके कि यह लोग पहले कितनी बार पंजाब में चरस व अन्य नशीला पदार्थ सप्लाई कर चुके हैं। हो सकता है कि उनके पास से जो मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं, वह भी चोरी के हों, क्योंकि उक्त मोटरसाइकिलों पर जो नंबर लगे हुए हैं वह पंजाब के हैं।

सीआईए स्टाफ के इंचार्ज बलदेव राज शर्मा ने बताया कि बुधवार देर शाम उन्होंने अपने स्टाफ के साथ बीएसएनएल एक्सचेंज के टी प्वाइंट पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पठानकोट की तरफ से दो पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार 3 नौजवान आए। शक के आधार पर जब उन्हें रोका, तो यह लोग कोई सही जवाब नहीं दे पाए। शक होने पर स्टाफ द्वारा डीएसपी स्पेशल ब्रांच गुरबंस सिंह बैंस को मौके पर बुलाया गया तथा उनके सामने जब युवकों की तलाशी ली गई तो उनसे सवा 3 किलो चरस बरामद हुई। वहीं, मोटरसाइकिल (पीबी-07-ऐके-1117) पर सवार नौजवानों की पहचान विक्की शर्मा निवासी परनोटी जिला चंबा (हिमाचल) तथा बसंत सिंह उर्फ काकू निवासी सिकोटी जिला चंबा के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मोटरसाइकिल (पीबी-09-एल-3892) पर सवार की पहचान दविन्दर कुमार निवासी लमांग जिला चंबा के रूप में हुई है।

पकड़े युवकों व बरामद की गई चरस के साथ सीआईए स्टाफ। -भास्कर

युवकों को खुद भी पता नहीं, किसे देनी थी चरस

अब तक की जांच में सामने आया है कि हिमाचल से चरस लेकर पंजाब की ओर कूच करने वाले युवकों ने यह चरस किसे देनी थी इस संबंधी उन्हें खुद भी पता नहीं था, लेकिन जिस व्यक्ति ने चरस लेनी थी उसे सिर्फ युवकों के मोटरसाइकिलों के नंबर का पता था, जिसके आधार पर उसे सामान लेना था। सीएआई स्टाफ द्वारा नौजवानों को रिमांड पर जांच की जाएगी कि क्या इन्होंने इससे पहले भी कोई नशीला पदार्थ सप्लाई किया है या फिर यह पहली बार यह काम कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...