गुड़गांव. कार्यक्रम में देश भर से पहुंचे कार्यकर्ता। इनसेट में उन्हें संबोधित करते केंद्रीय मंत्री राधामोहन।
भास्कर न्यूज | गुड़गांव
न्यू पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में चल रहे भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन शनिवार को केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर चिंतन हुआ। सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकर सहस्त्रबुद्धे, इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद भूपेंद्र यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने संबोधित किया। प्रशिक्षण रविवार तक चलेगा। राधामोहन ने कहा कि देश के सभी भू-धारी किसानों को हर दो वर्ष में सॉयल हेल्थ कार्ड जारी किया जा रहा है। अब तक 14 करोड़ कार्ड बांटे जा चुके हैं। 100 फीसदी नीम कोटेड यूरिया का उत्पादन शुरू किया गया। देश के 585 विनयमित थोक मंडियों को ई-प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि चार साल में देश में विकास को एक नई गति मिली है। जन-धन योजना से गरीब किसान भी बैंक से जुड़े। 2022 तक जहां किसानों की आय दोगुनी करने की बात है तो जहां ट्यूबवेल सफल हैं वहां किसानों की आय चार गुणा बढ़ेगी। कृषि विकास को इस बार साढ़े 25 लाख करोड़ का बजट रखा है, जो 2020-21 में 40 लाख करोड़ से ज्यादा का होगा। ये सब जीएसटी के कारण हुआ है।