पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

महिला iti में कोपा को लेकर उठापटक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर डीबी स्टार

महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नेशनल काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग और स्टेट काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग की कुल 11 ट्रेडों का संचालन किया जाता है। इसमें 250 से ज्यादा छात्राएं पढ़ती हैं। इनमें कई ट्रेड ऐसी हैं, जिनकी फैकल्टी संस्थान में मौजूद नहीं है और न ही छात्राएं उनमें एडमिशन लेती हैं। ऐसे में हर शैक्षणिक सत्र में एडमिशन के आंकड़ों को देखते हुए किसी ट्रेड को बंद करने और नई ट्रेड खोलने के प्रस्ताव संस्थान स्तर से संचालनालय तक भेजे जाते हैं। इस वर्ष महिला आईटीआई प्रबंधन ने संस्थान में कोपा ट्रेड खोलने का प्रस्ताव भेजा है।

इसका कारण यह है कि इस ट्रेड के लिए जरूरी कंप्यूटर संस्थान के स्टोर में रखे हुए हैं। इसके अलावा यहां पहले से संचालित एक ट्रेड हॉस्पिटल हाउसकीपिंग की 26 सीटों में से सिर्फ 16 पर ही एडमिशन हो पाए थे। इसके चलते इस ट्रेड को बंद कर कोपा ट्रेड खोल दी जाए। छात्राओं को कंप्यूटर की नॉलेज देने के लिए यहां फैकल्टी भी मौजूद है। इसके बावजूद अफसर इसी संभाग में गुना स्थित कुंभराज आईटीआई में कटिंग व सीईंग ट्रेड शुरू करने जा रहे हैं, लेकिन सरकारी नौकरी के काम आने वाली ट्रेड को ग्वालियर में शुरू नहीं कर रहे हैं।

इन ट्रेड्स का होता है संचालन

वर्तमान में बिरला नगर स्थित महिला आईटीआई में स्टेट काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग के अंतर्गत इंफॉर्मेशन कम्युनिकेशन एंड सिस्टम मैनेजमेंट, ड्राफ्टमैन सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस इंग्लिश, हॉस्पिटल हाउसकीपिंग और फैशन डिजाइनिंग ट्रेड चलते हैं। इसी प्रकार नेशनल काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग के ड्रेस मेकिंग, सिलाई-कढ़ाई, स्टेनोग्राफर हिंदी, स्टेनोग्राफर अंग्रेजी व सरफेस ऑरनामेंटेशन (एम्ब्रॉयडरी) ट्रेड्स का संचालन होता है।

चार साल पहले काउंसिलिंग में थी ट्रेड

ऐसा नहीं है कि कोपा ट्रेड को पहली बार महिला आईटीआई में शुरू कराने की बात चल रही है, बल्कि इससे पहले शैक्षणिक सत्र 2013-14 की काउंसिलिंग में इस ट्रेड को शामिल किया गया था। इस दौरान छात्राओं ने चॉइस फिलिंग में यह ट्रेड भी सेलेक्ट की थी, लेकिन बीच काउंसिलिंग में से इस ट्रेड को हटा लिया गया था। इसके चलते छात्राओं ने विरोध भी किया था, लेकिन अफसरों ने फैकल्टी व व्यवस्थाएं न होने की बात कहकर इस ट्रेड को बंद करा दिया था।

डाटा एंट्री ऑपरेटर के रखे हैं कंप्यूटर

आईटीआई में वर्ष 2013-14 में ही मुख्यमंत्री रोजगारोन्मुखी योजना के तहत छह माह के डाटा एंट्री ऑपरेटर के कोर्स शुरू किए गए थे। इसके लिए संचालनालय से ग्वालियर में 10 कंप्यूटर भेजे गए थे। कोर्स समाप्त होने के बाद इन कंप्यूटरों पर कोई काम नहीं किया गया और इन्हें उठाकर स्टोर में रखवा दिया गया। अब ट्रेड के संचालन के लिए इन कंप्यूटरों का इस्तेमाल हो सकता है, क्योंकि इस ट्रेड में 26 सीटें होती हैं। इसके कारण थ्योरी और प्रैक्टिकल का समय अलग-अलग बांटकर छात्राएं आराम से पढ़ाई कर सकती हैं।

ट्रेड शुरू करने का प्रस्ताव भेजा है

 संस्थान में कोपा ट्रेड को शुरू करने के लिए हमने संचालनालय में प्रस्ताव भेजा है। दरअसल, हमारे यहां हॉस्पिटल हाउसकीपिंग की ट्रेड में पर्याप्त एडमिशन नहीं हो रहे हैं और कोपा ट्रेड शुरू करने के लिए हमारे पास कंप्यूटर व फर्नीचर की व्यवस्था है। अब इस मामले में संचालनालय द्वारा ही निर्णय किया जाएगा। अशोक वर्मा, प्राचार्य, महिला आईटीआई, बिरला नगर

नहीं खुल पाएगी कोपा ट्रेड

 महिला आईटीआई में कोपा ट्रेड शुरू करने के लिए प्रस्ताव आया है और इसे हमने संचालनालय भी भेजा है, लेकिन इस सत्र में यह ट्रेड शुरू नहीं हो पाएगी। संचालनालय महिला व बॉयज आईटीआई की बेहतरी के लिए प्लानिंग कर रही है। उसके बाद आगामी वर्षों में हो सकता है कि यहां नई ट्रेड शुरू हो सके। दीपक गंगाजलीवाले, ज्वॉइंट डायरेक्टर, कौशल विकास संचालनालय

खबरें और भी हैं...