कॉलेज संचालक के सूने घर का ताला चटकाकर 3 लाख का माल चोरी
कॉलेज संचालक के सूने घर का ताला चटकाकर 3 लाख का माल चोरी
क्राइम रिपोर्टर | ग्वालियर
परिवार के साथ अपने गांव गए कॉलेज संचालक के सूने घर का ताला चटकाकर करीब 3 लाख रुपए का माल चोरी हो गया। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
वायु नगर के रहने वाले शैलेन्द्र सिंह राजावत कॉलेज संचालक हैं। उनके 4 आईटीआई कॉलेज हैं। उनका घर मुरैना जिले के सुपावली गांव में है। गांव में स्थित मंदिर पर भंडारा था। इसके चलते वह अपने परिवार के साथ 12 अप्रैल को गए थे। इस बीच उनके घर के ताले तोड़कर चोर सामान ले गए। शुक्रवार दोपहर में पड़ोसी ने देखा तो ताले खुले थे। उन्होंने अंदर आवाज दी लेकिन कोई नहीं निकला तो उन्होंने फोन लगाया। फोन लगाने पर पता लगा कि वह घर वापस ही नहीं आए हैं। इसके बाद शैलेन्द्र ने उन्हें अंदर भेजा तो सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद वह शाम को ही वापस आ गए। अंदर जाकर देखा तो 8 तोला सोने के जेवरात, चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपए गायब थे। कुछ कपड़े भी गायब थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।