सिलेंडर फटने से झुलसे मासूम कान्हा की मौत
ग्वालियर| घाटीगांव क्षेत्र के सिमरिया गांव में सिलेंडर फटने से झुलसे एक ही परिवार के 15 लोगों में से 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। वहीं बच्चे के चाचा व मामा की हालत गंभीर है। उन्हें शनिवार को दिल्ली रैफर कर दिया गया।
सिमरिया गांव के रहने वाले छोटेलाल जाटव की बेटी ललिता की शादी 18 अप्रैल को है। शुक्रवार दोपहर में लगुन लिखे जाने के बाद परिजन आंगन में बैठकर खाना खा रहे थे, तभी एलपीजी का छोटा सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से 15 लोग झुलस गए। इसमें ललिता का 4 वर्षीय भतीजा कान्हा पुत्र विनोद जाटव भी शामिल था। वह 80% से अधिक जल गया था। शुक्रवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार रात को संतोष जाटव और मोनू जाटव की हालत भी बिगड़ गई। उनका शरीर भी 70 प्रतिशत से अधिक जल गया है। संतोष रिश्ते में कान्हा का चाचा और माेनू मामा है। शनिवार को इन्हें दिल्ली रैफर कर दिया गया। विनोद की हालत गंभीर बताई गई है।
शादी की शहनाई के बीच छाया मातम
जिस घर में तीन दिन बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी। पूरा घर शादी की तैयारियों में लगा था। उस घर की सारी खुशियां एक हादसे ने छीन लीं। घर में मातम छा गया। अपनी आंखों के सामने भतीजे की मौत की खबर सुनकर ललिता बेहोश हो गई। बार बार बोल रही थी कि आखिरी बार चेहरा भी नहीं देख पाई। कान्हा की मां भी झुलसी है। उसके पिता और मां बार-बार उसी के बारे में पूछ रहे थे। कान्हा के पिता बीएसएफ में हैं। उधर, शुक्रवार को लगुन का कार्यक्रम भी निरस्त हो गया।