पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • रंगमहल गार्डन: होर्डिंग हटाते में हाईटेंशन लाइन पर गिरा एंगल, आग लगी, 4 घंटे बिजली गुल

रंगमहल गार्डन: होर्डिंग हटाते में हाईटेंशन लाइन पर गिरा एंगल, आग लगी, 4 घंटे बिजली गुल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित मदाखलत कार्यालय के सामने शनिवार दोपहर को हाईटेंशन लाइन पर होर्डिंग का ढांचा गिरने के कारण नीचे रखे कबाड़े में अाग लग गई। आग इतनी तेज थी कि 8 गाड़ी पानी फेंककर लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया गया। इतना ही नहीं, लाइन टूटने के कारण आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 4 घंटे बिजली गुल रही। उधर, यादव धर्मकांटे के पास एक डंपर ने बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। इससे हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिर गए और क्षेत्र में 3 घंटे बिजली सप्लाई बंद रही।

कोर्ट के आदेश पर शहर में मेन रोड और चौराहों के पास से होर्डिंग्स हटवाए जा रहे हैं। शनिवार को रंगमहल गार्डन के बाहर लगे बड़े होर्डिंग को हटाने का काम गंगा एजेंसी का स्टाफ कर रहा था। दोपहर 3.30 बजे लगभग होर्डिंग के ऊपर से एक बड़ा एंगल टूटकर नीचे स्थित हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। इसके साथ ही तार टूटकर जमीन पर गिरा और आतिशबाजी जैसी चिंगारियां उठने के साथ ही नीचे रखे कबाड़े में आग लग गई। यह वह सामान था, जो मदाखलत अमला शहरभर से जब्त करके लाया था। इसकी सूचना यहां मौजूद मदाखलत अधिकारी महेंद्र शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर हरिशंकरपुरम में घूम रही डायल 100 की गाड़ी एफआरबी नंबर 27 मौके पर पहुंची। यहां एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन आग बढ़ती जा रही थी। इस पर एफआरबी में मौजूद कांस्टेबल दीपक चतुर्वेदी और कौशलेंद्र तोमर ने कंट्रोल रूम को मैसेज देकर क्षेत्र की बिजली बंद कराने को कहा। साथ ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और भिजवाने को कहा ताकि आग पर काबू पाया जा सके।

4 घंटे गायब रही बिजली
हाईटेंशन लाइन पर होर्डिंग का ढांचा गिरने से नीचे रखे कबाड़े में लगी आग।

लाइन जुड़ी तो इंसुलेटर बर्स्ट
रंगमहल गार्डन में हाईटेंशन लाइन जोड़ने के बाद बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई। इसके बाद प्रेम मोटर्स के पास ट्रांसफार्मर में लगा इंसुलेटर बर्स्ट हो गया। इसके चलते कुछ इलाकों की बिजली फिर गुल हो गई। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद इंसुलेटर चेंज किया। इसके बाद रात 7.45 बजे बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी।

इधर, डंपर ने मारी पोल में टक्कर 50 हजार से अधिक घरों की 3 घंटे बंद रही बिजली

यादव धर्मकांटे के पास 33 केवी और 11 केवी लाइन के पोल पर शनिवार सुबह डंपर ने टक्कर मार दी। इससे हाईटेंशन लाइन के तार टूट गए। इस कारण मुरार, बारादरी, वैष्णो पुरम, संजय नगर, गदाईपुरा आदि इलाके के करीब 50 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। 3 घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। इसके चलते कई लोग पानी नहीं भर सके। सुबह 7.15 बजे तेज गति से जा रहा डंपर बिजली के पाेल से टकराया और हाई टेंशन लाइन के तार टूटकर गिर पड़े। टक्कर के बाद डंपर चालक भाग गया। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूसरे बिजली स्टेशनों से कुछ इलाकों की बिजली व्यवस्था बहाल कर दी। हाई टेंशन लाइन को ठीक करने में बिजली कर्मचारियों को 3 घंटे तक मशक्कत करना पड़ी।

खबरें और भी हैं...