मकान मालिक और किराएदार में विवाद
ग्वालियर| माधौगंज में शराब की दुकान चलाने वाले और दुकान मालिक के बीच विवाद के बाद दुकानदार ने मकान मालिक पर ताला ताेड़कर शराब और सामान ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने किराएदार की शिकायत पर दुकान मालिक तथा 3 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टीआई माधौगंज विनय शर्मा के अनुसार, शैंकी गुप्ता निवासी नई सड़क ने माधौगंज में केके गुप्ता की दुकान किराए पर ली थी। मार्च के बाद दुकान खाली कराने को लेकर इनके बीच विवाद की स्थिति बन गई। शैंकी गुप्ता ने आरोप लगाया है कि केके गुप्ता, देवेंद्र सोलंकी तथा इनके दो अन्य साथियों ने दुकान के ताले तोड़कर शराब और अन्य सामान गायब कर दिया। टीआई श्री शर्मा के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है।