कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर पूछा ओटीपी और निकाले 45 हजार
ग्वालियर|बैंक मैनेजर बनकर एक ठग ने युवक को पहले एटीएम कार्ड ब्लॉक होने की बात कही। फिर एटीएम कार्ड नंबर और ओटीपी पूछ लिया। इसके बाद तीन बार में 45 हजार रुपए उसके खाते से ईवॉलेट में ट्रांसफर कर निकाल लिए। युवक ने राज्य सायबर सेल में शिकायत की है। महेश सिंह का एसबीआई में अकाउंट है। तीन दिन पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक मैनेजर बताया। उसने कहा कि कार्ड दो दिन में ब्लॉक हो जाएगा। क्योंकि बैंक नए कार्ड जारी कर रहा है। इसके लिए वेरीफिकेशन किया जा रहा है। वह झांसे में आ गए और पहले एटीएम कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट बता दी। इसके बाद दूसरा कॉल आया तो उसने ओटीपी पूछ लिया। इसके बाद पैसे निकालना शुरू कर दिए। इनके मोबाइल पर एक के बाद एक पैसे निकलने के तीन मैसेज आए तब पता लगा। इसके बाद उन्होंने बैंक में संपर्क किया तो पता लगा कि पैसे निकल गए हैं। उन्होंने कार्ड ब्लॉक कराया और फिर राज्य सायबर सेल में शिकायत की।