अजयपुर में नया चिड़ियाघर बनाने पर सहमति लेकिन 6 माह में निगम नहीं भेज पाया डीपीआर सहित प्रस्ताव
प्रशासनिक रिपोर्टर| ग्वालियर
शहर के आस-पास नया चिड़ियाघर बनाने की कवायद एक बार फिर शुरू हो गई है। अजयपुर (गुढ़ा) के पास नगर निगम ने नए चिड़ियाघर के लिए वन विभाग की जगह पसंद की थी। लेकिन छह माह बाद भी अभी तक निगम की तरफ से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और प्रस्ताव बनाकर वन विभाग को नहीं भेजा गया है। वन संरक्षक विक्रम सिंह परिहार ने इसको लेकर नगर निगम आयुक्त को बीते दिनों एक खत लिखा है। उन्होंने डीपीआर सहित प्रस्ताव को ऑनलाइन डाउनलोड करने के लिए कहा है।
गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) अब छोटा पड़ने लगा है। सेन्ट्रल जू अथॉरिटी के नियमों के अनुसार, चिड़ियाघर प्रबंधन इसे शिफ्ट करना चाहता था। इसके लिए कुछ सालों पहले एक प्लानिंग तैयार कर वन विभाग से जमीन की डिमांड की गई। उस पर वन विभाग भी सहमत है। वह विभाग के नियमों के अनुसार जमीन देने के लिए तैयार है।
वन विभाग के सीएफ ने निगम आयुक्त को लिखा खत, कहा- ऑनलाइन प्रस्ताव भेजें
यहां तलाशी जा चुकी है जगह
नए चिड़ियाघर के लिए वन विभाग के माध्यम से जंगल की भूमि की तलाश तत्कालीन महापौर समीक्षा गुप्ता के समय से चल रही है। सबसे पहले दुगनावली (कुलैथ) के पास जगह की तलाश हुई थी। वन विभाग वहां की जमीन देने को तैयार हो गया, तब समस्या आई कि यह क्षेत्र पर्यटकों के हिसाब से ज्यादा दूर पड़ेगा। इसके बाद शहर के आस-पास जंगल की भूमि की तलाश शुरू हुई। वन विभाग ने 100 हेक्टेयर भूमि के हिसाब से दुगनावली के बाद जिंसी जंगल क्षेत्र और ओहदपुर का जंगल क्षेत्र भी दिखाया गया था। यहां पर दोनों विभागों के बीच सहमति बनते- बनते रह गई थी।
अब पसंद आई जमीन
7 अक्टूबर 2017 को नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा और वन संरक्षक विक्रम सिंह परिहार ने संयुक्त रूप से अजयपुर वन क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों विभाग के अफसरों को अजयपुर (गुढ़ा) वन बीट के कक्ष क्रमांक 35 का जंगल क्षेत्र पसंद आया।
वन मुख्यालय ने मांगे प्रस्ताव
यह मामला ग्वालियर से चलकर वन विभाग के मुख्यालय भोपाल तक पहुंच गया है। वहां से अब नए चिड़ियाघर के लिए प्रस्ताव मांगे जा रहे है। उसी का हवाला देकर सीएफ ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर डीपीआर सहित प्रस्ताव ऑनलाइन मांगा है, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके।
निगम से प्रस्ताव मांगा है
नगर निगम अजयपुर बीट में नया चिड़ियाघर बनाना चाहता है। वहां की वन भूमि की स्वीकृति के लिए निगम को पत्र लिखकर प्रस्ताव मांगा है। - विक्रम सिंह परिहार, वन संरक्षक
तैयार कर रहे हैं डीपीआर
वन विभाग से डीपीआर व प्रस्ताव मांगा गया है। यह जिम्मेदारी निगम की प्रोजेक्ट इंपीलिमेंटेशन यूनिट (पीआईयू) को दे दी गई है। प्रस्ताव व डीपीआर तैयार की जा रही है। - विनोद शर्मा, नगर निगम आयुक्त