भिंड लाइन पर हादसे रोकने एक साल में बने 12 अंडरब्रिज
रेलवे के ग्वालियर-भिंड ट्रैक पर 39 क्राॅसिंग गेटों को बंद करते हुए रेलवे ने समपार(अंडरब्रिज) तैयार कर दिए। इस वर्ष रेलवे ने 12 समपार(अंडरब्रिज) तैयार किए। सभी के निर्माण पर रेलवे ने लगभग 44 करोड़ रुपए खर्च किए। विगत वर्ष रेलवे महाप्रबंधक ने इस ट्रैक पर हुए हादसों के कारण समपार का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे। जीएम के निर्देश के बाद एक वर्ष में 12 समपार का निर्माण पूर्ण करने पर डीआरएम ने पुरस्कार भी दिया है।
भिंड लाइन पर विगत वर्ष ट्रैक्टर हादसे में दो लोगों की मौत के बाद जीएम ने सभी क्राॅसिंग गेटों पर समपार(अंडरब्रिज) का निर्माण करने के निर्देश दिए थे। इस पर वरिष्ठ खंड अभियंता विवेक शर्मा को मेंटेनेंस का काम देखते हुए ही जीएम के टास्क की भी जिम्मेदारी दी गई। इस टास्क को पूरा करने के लिए तीन समपार पर सिगमेंट काॅस्टिंग, छह पर इर्न्ससन का काम करते हुए सभी 12 अंडरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया। इसके अलावा अभी रायतपुरा क्राॅसिंग पर समपार के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।
भागे बच्चों को परिजन को सौंपकर बेस्ट बना आरपीएफ थाना: आरपीएफ थाने के प्रभारी आनंद पांडे को बेस्ट थाने की शील्ड दी है। यह सम्मान थाने के कर्मचारियों द्वारा स्टेशन पर गश्त के दौरान घर से भागे नाबालिग बच्चों को उनके परिजन तक पहुंचाने और आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के कारण दिया गया है। ग्वालियर के बृजेश सिंघल को भी जोन में पीआरएस के बेस्ट संचालन के लिए अवार्ड दिया है।