ओजस्व आैर चेष्ठा का दबदबा
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| ग्वालियर
ग्वालियर जिला शतरंज संघ द्वारा जीवायएमसी में आयोजित अंडर 11 और अंडर 13 आयु की शतरंज चयन स्पर्धा में ओजस्व सिंह और चेष्ठा जैन अपने-अपने वर्ग में सर्वाधिक अंक बनाकर सबसे आगे बने हुए हैं। दो दिवसीय स्पर्धा का शुभारंभ शनिवार को अजीत सचेती और नेहा श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया। संघ के अध्यक्ष संजय कट्ठल ने बताया कि पहले दिन पांच चक्रों में होने वाली इस स्पर्धा में पहले तीन चक्र के मुकाबले हुए। इसके अंतर्गत अंडर 13 में ओजस्व सिंह ने तीन अंक बनाए। बालिकाओं में स्नेहा और प्रज्ञा जैन दो-दो अंक के साथ अागे बनी हुई हैं। अंडर 11 में पीयूष टंडन, अभिषेक चंद्रा और पार्थ मूंदड़ा तीन-तीन अंकों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को शेष दो चक्रों के मुकाबले होंगे। इसके बाद 2.30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
दो दिवसीय शतरंज चयन स्पर्धा में पहले दिन शनिवार को तीन चक्रों के मुकाबलों में अपनी चालों का प्रदर्शन करते खिलाड़ी।
दो-दो बालक बालिकाओं का होगा चयन
संघ के अध्यक्ष संजय कट्ठल ने बताया कि इस प्रतियोगिता से श्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन करने वाले दो-दो बालक-बालिका खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी-अपनी चाल चलेंगे। अंडर 13 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बैतुल में 21 अप्रैल से आयोजित होगी। जबकि अंडर 11 आयु वर्ग के खिलाड़ी इंदौर में 24 अप्रैल से होने वाली स्टेट चैंपियनशिप में शिरकत करेंगे।