एसएम खान वनडे ट्रॉफी 28 से पूल ए की टीमें पेश करेंगी चुनौती
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| ग्वालियर
एमपीसीए के तत्वावधान में ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) द्वारा एसएम खान अंडर 18 वनडे ट्रॉफी के मुकाबले 28 अप्रैल से कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम और सिंधिया स्कूल फोर्ट के मैदान पर खेले जाएंगे। जीडीसीए के सचिव रवि पाटनकर ने बताया कि ट्रॉफी के अंतर्गत ग्वालियर, पूल ए के सभी लीग मुकाबलों की मेजबानी करने को तैयार है। उन्होंने बताया कि इस ट्रॉफी में मेजबान ग्वालियर भी अपना दम दिखाती नजर आएगी। 28 को ग्वालियर अपने पहले मैच में उज्जैन से भिड़ेगी। वहीं सिंधिया स्कूल मैदान पर नर्मदापुरम और सागर के बीच मैच होगा। 29 को स्टेडियम में ग्वालियर विरुद्ध नर्मदापुरम, सिंधिया स्कूल पर सागर विरूद्ध उज्जैन का मैच होगा। 30 को नर्मदापुरम विरुद्ध उज्जैन सिंधिया स्कूल मैदान पर भिड़ेंगी। स्टेडियम में ग्वालियर और सागर आमने-सामने होंगी।