तिघरा डैम से जलालपुर के लिए वाटर लाइन का काम शुरू, 165 एमएलडी का ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा
तिघरा का पानी शहर के हर घर में पहुंचाने के लिए तीसरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जलालपुर में बनेगा। 165 एमएलडी क्षमता वाले ट्रीटमेंट प्लांट के लिए तिघरा से जलालपुर तक 1600 एमएम डाया की वाटर लाइन डालने का काम शुरू हो गया है। झांसी की कंपनी खुदाई के साथ-साथ पाइप भी डाल रही है। अभी तक 200 मीटर तक काम हो चुका है। पाइप लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण पर भी काम शुरू हो गया है। राजस्व और निगम के अमले ने सर्वे कर लिया है। जहां पर जरूरत हाेगी, वहां पर जमीन का अधिग्रहित की जाएगी।
शहर में अभी तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं। मोतीझील में दो और तीसरा तिघरा में है। यहां से शहर के कई क्षेत्रों में पानी सप्लाई होता है। फिर भी ग्वालियर पूर्व विधानसभा और ग्वालियर विधानसभा के क्षेत्र बोरिंग पर निर्भर हैं। उक्त क्षेत्रों में तिघरा का पानी पहुंचाने के लिए निगम ने बीते दिनों झांसी की फर्म को काम करने की जिम्मेदारी दी है।
42.50 करोड़ में डलेगी पाइप लाइन: तिघरा से जलालपुर के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को भरने के लिए मेनलाइन को डालने में 42.50 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस राशि से 29.50 किलोमीटर के एरिया में पाइप लाइन डाली जाएगी।
तिघरा से जलालपुर तक वाटर लाइन के लिए डाले जा रहे पाइप।
यहां मिल रहा पानी: मोतीझील प्लांट 68 एमएलडी: शिंदे की छावनी, लोहिया बाजार, आमखो क्षेत्र तक पानी पहुंचाया जा रहा है।
मोतीझील प्लांट (दूसरा) 68 एमएलडी: मुरार, थाटीपुर क्षेत्र में पानी जा रहा है।
तिघरा प्लांट 45 एमएलडी: दक्षिण पूर्व विधानसभा क्षेत्र के हिस्सों में।
जलालपुर में बनने वाला 145 एमएलडी: दीनदयाल नगर, मुरार के कुछ हिस्से, पिंटो पार्क में पहुंचाया जाएगा।