धूप खिलते ही 1.9 डिग्री बढ़ा दिन का पारा
महानगर में शनिवार को सुबह बिखरे-बिखरे बादल छाने के बाद दिनभर धूप खिली रही, जिसके चलते तापमान बढ़ गया है। इसके चलते दिन और रात का तापमान बीते रोज की तुलना में बढ़ गया है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो आगामी 24 घंटे में शाम के समय तेज हवा चल सकती है। आगामी 2-3 दिनों में आर्द्रता घट जाएगी, जिसके कारण दिन और रात के तापमान बढ़ेंगे।
शनिवार को सुबह बादल छाये थे, जिन्हें देखकर लग रहा था कि तापमान गिर जाएगा लेकिन दोपहर होते-होते आसमान साफ हो गया। तेज धूप निकली, जिसके कारण दिन का तापमान बढ़ गया। शुक्रवार की तुलना में दिन का तापमान 1.9 डिसे बढ़ गया। इसी तरह रात का तापमान 0.8 डिसे बढ़ गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.1 डिसे तथा न्यूनतम तापमान 20.2 डिसे रहा था। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिसे रहा, जो सामान्य से 0.7 डिसे अधिक है। न्यूनतम 21 डिसे दर्ज किया गया जो सामान्य से 1 डिसे अधिक है।
इसलिए बढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञानी शैलेंद्र नायक का कहना है कि आगामी 24 घंटे में तापमान बढ़ेगा। शाम को तेज हवा चल सकती है। 2-3 दिनों में आर्द्रता घटेगी, जिसके कारण दिन व रात के तापमान में 2 से 3 डिसे की बढ़ोतरी होने की संभावना है।