पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • राउंड फिगर में बिल जमा करा रही बिजली कंपनी

राउंड फिगर में बिल जमा करा रही बिजली कंपनी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर डीबी स्टार

दौलतगंज निवासी ऋषि अग्रवाल बिजली बिल जमा करने रोशनी घर स्थित एटीपी (एनी टाइम पेमेंट) मशीन पर पहुंचे तो कर्मचारी ने नोटों के साथ 10 के सिक्के लेने से इनकार कर दिया। कर्मचारी का कहना था कि 874 रुपए के बिल पर 900 रुपए जमा करें क्योंकि बैंक का स्टाफ हमसे सिक्के नहीं लेता। यह हाल अकेले ऋषि का नहीं है। एटीपी मशीनों से बिल जमा कराने वाले सभी उपभोक्ताओं के साथ हो रहा है। ऋषि अग्रवाल की शिकायत पर डीबी स्टार टीम रोशनी घर स्थित एटीपी काउंटर पर पहुंची और वहां पदस्थ कर्मचारी से बात की तो उन्होंने बताया कि सिक्के दूसरे ग्राहकों को जब वापस करते हैं तो वे नहीं लेते है। इस कारण शाम तक हमारे पास काफी सिक्के जमा हो जाते हैं। शाम को कैश कलेक्शन के लिए आने वाला स्टाफ हमसे सिक्के नहीं लेता। कई बार सिक्के खुद रखकर हमें अपनी जेब से नोट देने पड़ते हैं। डीबी स्टार ने इस मामले में बिजली कंपनी के अफसरों से बात की तो उन्होंने बताया कि हम इस मामले मे कैश कलेक्शन करने वाली कंपनी व अपने स्टाफ से बात कर समस्या का हल निकालेंगे। ग्वालियर सिटी सर्किल में बिजली कंपनी के 2 लाख 46 हजार उपभोक्ता है। जो कंपनी के विभिन्न जोन ऑफिसों में मेनुअल तरीके व एटीपी मशीन के माध्यम से बिल जमा करते हैं। शहर में बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 17 एटीपी मशीन लगवा रखी है। लेकिन हर जगह उपभोक्ता इस समस्या से परेशान होते हैं।

स्टाफ नोटों के साथ सिक्के नहीं लेते

 एटीपी मशीन में बिजली बिल जमा करने पर स्टाफ नोट के साथ चिल्लर नहीं लेते। स्टाफ का कहना है कि आप राउंड फिगर में बिल जमा कर दो। स्टाफ का कहना है कि कैश कलेक्शन वाला स्टाफ हमसे सिक्के नहीं लेता। यह गलत है, बिजली कंपनी उपभाेक्ताओं को परेशान कर रही है। ऋषि अग्रवाल, शिकायतकर्ता

हम इस समस्या का हल निकालेंगे

 एटीपी मशीन में सिक्कों की वजह से उपभोक्ताओं को जो परेशानी आ रही है उसको दूर किया जाएगा। इस मामले में केश कलेक्शन करने वाली कंपनी व अपने एकाउंट अफसरों से बात कर चिल्लर का हल निकालेंगे। अक्षय खरे, जीएम, सिटी सर्किल, बिजली कंपनी

खबरें और भी हैं...