पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • विकास बताने निकले मंत्री, खामियां गिनाने पूर्व विधायक

विकास बताने निकले मंत्री, खामियां गिनाने पूर्व विधायक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पॉलिटिकल रिपोर्टर| ग्वालियर

इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस मोर्चा संभाल चुकी हैं। भाजपा सरकार के मंत्री-विधायकों ने मंगलवार को अपने निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार से विकास एवं जनसंवाद यात्राएं शुरू की हैं। इस यात्रा के पहले दिन ज्यादा पॉलिटिकल ड्रामा ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला। जहां प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री साढ़े चार साल के विकास कार्य और प्रस्तावित कार्यों को बताने जनता के पास पहुंचे। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर यात्रा को झूठ बताते हुए क्षेत्र में 3 पानी की टंकियों के निर्माण की मांग लेकर सड़क पर उतरे। श्री तोमर ने इस यात्रा, धरने की प्लानिंग कार्यक्रम से करीब 12 घंटे पहले यानि कि सोमवार को देर रात की। विस क्षेत्र में मंगलवार को हुआ यह पॉलिटिकल ड्रामा दोनों पार्टियों के साथ लोगों के बीच चर्चा में बना रहा।

मंत्री ने कहा- राजनीति में विकास पर खुशी जताना धर्म, कांग्रेस कर रही रुदन यात्रा

ग्वालियर | राजनीति में विकास की हर ईंट पर खुशी जताना धर्म होता है। आज इस क्षेत्र में 5 करोड़ 26 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन व लोकार्पण हो रहा। इसके अलावा 2 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी की टंकी व लाइन का काम होगा। लेकिन इस क्षेत्र में रहने वाले (प्रद्युम्न सिंह तोमर) कांग्रेस के एक नेता को विकास पर खुशी न होते हुए रोना आ रहा है। इसलिए वे पीएचई कॉलोनी से किलागेट तक रूदन यात्रा कर रहे हैं। यह बात प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने मंगलवार को रेशम मिल स्थित तिकोनिया पार्क में विकास-जनसंवाद यात्रा में कही। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मंथरा को राम का राज्य पसंद नहीं था उसी प्रकार इस कांग्रेस नेता को क्षेत्र का विकास पसंद नहीं है। मंथरा का शरीर बेशक इस संसार से चला गया हो, लेकिन उसकी आत्मा इस क्षेत्र के एक कांग्रेस नेता में बस गई है। इनका सिर्फ एक काम है कि मेरे खिलाफ रैली-प्रदर्शन कर फोटो खिंचवाएंगे और ज्योतिरादित्य सिंधिया को भेजकर कहेंगे कि हम पवैया को परेशान कर अाए। श्री पवैया ने क्षेत्र के लोगों से कहा कि विस क्षेत्र में कभी विकास कार्य नहीं रुके और न रुकेंगे। रेशम मिल क्षेत्र से मैं चुनाव में पराजित हुआ और दूसरे नेताओं की लीक से हटकर मैंने यहां विकास कार्य पर ध्यान दिया। वरना, नेता जिस क्षेत्र से हारते हैं वहां काम नहीं कराते।

भाजपा

टंकी के निर्माण की मांग को लेकर पदयात्रा पूर्व विधायक बोले- विकास के दावे झूठे

निगम मुख्यालय पर जनसुनवाई में पहुंचे पूर्व विधायक प्रद्युम्न तोमर।

ग्वालियर| भाजपा की विकास एवं जनसंवाद यात्रा के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह मंगलवार को सुबह समर्थकों के साथ पीएचई कॉलोनी से पदयात्रा लेकर किलागेट स्थित एवीएम स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने आधे घंटे का धरना भी दिया। श्री तोमर ने बताया, मंत्री श्री पवैया विकास कार्य को वोटों की राजनीति के लिए रोके हैं। एवीएम स्कूल में 2 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से पानी की टंकी बननी थी। जिससे सेवा नगर, नूरगंज, मैदाई मोहल्ला, गुदड़ी के लोगों को पानी मिलता। इसी प्रकार खेड़ापति कॉलोनी में पानी की टंकी बननी थी। जिसे रवि नगर में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन इसका निर्माण 2013 से अब तक शुरू नहीं होने दिया गया। जिस वजह से चंद्रनगर, रवि नगर, रंगियाना मोहल्ला व आसपास के क्षेत्र में पानी का संकट है। वहीं पीएचई कॉलोनी में 3 साल पहले भूमिपूजन होने के बाद भी टंकी का निर्माण शुरू नहीं हो सका। धरने के बाद श्री तोमर कांग्रेस नेताओं के साथ निगम की जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने यहां रंगियाना मोहल्ले और महेंद्र नगर में गंदे पानी की सप्लाई, रमटापुरा में पेयजल संकट की समस्या बताई। वहां निगम अधिकारियों ने 10 जून तक एवीएम स्कूल की पानी टंकी का काम शुरू कराने का भरोसा दिया।

कांग्रेस

पूर्व विधायक के आरोपों की भास्कर ने जानी हकीकत, लाेग बोले-

वे बोले, नहीं चले तो नल का कनेक्शन कटवा देंगे, वहां गए तो टंकी की बात करने लगे

ग्वालियर | भाजपा के विकास यात्रा की घोषणा के साथ ही रातोंरात क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पदयात्रा की घोषणा करने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रद्युम्नसिंह तोमर ने समस्याओं को लेकर न सिर्फ धरना दिया बल्कि निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन कर समस्याएं गिनाईं।

पानी की समस्या लेकर पूर्व विधायक के साथ पदयात्रा में गए रमटापुरा के लोगों का आरोप था कि हमसे तो यह कहा गया था कि यदि पदयात्रा में नहीं चलोगे तो नल कनेक्शन कटवा दिए जाएंगे। पूर्व विधायक द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगाए गए आराेपों की दैनिक भास्कर टीम ने पड़ताल की तो हालात कुछ अलग दिखाई दिए।

कहां क्या थे हालात

रंगियाना मोहल्ला: 500 मकान, 80 में थी समस्या

रंगियाना मोहल्ले में जब पानी की समस्या का जायजा लेने भास्कर की टीम पहुंची तो वहां के अधिकांश लोगों ने साफ पानी आने की बात बताई। क्षेत्रीय निवासी चुन्नीलाल का कहना था कि पानी एक दिन छोड़कर जरूर आ रहा है, लेकिन साफ आ रहा है। 80 घर वाली कैथवाली बगिया निवासी मुन्नीबाई, पंकज और राजेंद्र ने कहा कि गंदे पानी की शिकायत की थी, जिस पर नगर निगम ने मंगलवार को क्षेत्र के सीवर की सफाई कराई है।

रमटापुरा: पीएचई अमले के साथ घूम रहे थे पार्षद

पार्षद विनोद यादव माटू पीएचई अमले के साथ लोगों के नल चेक करवा रहे थे। पार्षद का कहना था कि कुछ लोगों द्वारा गलत कनेक्शन लेने के कारण पानी लाइन के छोर तक नहीं पहुंच पा रहा है। यहां मौजूद क्षेत्रीय निवासी पीके शर्मा और मुन्नी देवी का कहना है कि हमें गुमराह कर ले जाया गया। यह भी कहा कि यदि नहीं चलोगे तो नल का कनेक्शन कटवा देंगे। इसलिए गए थे लेकिन वहां पर बताया कि टंकी तीन साल में बन जाएगी।

पूर्व विधायक के आरोप

रंगियाना क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या, लोग परेशान।

रमटापुरा में पेयजल संकट जिससे लोगों को परेशानी।

महेंद्र नगर में गंदे पानी की समस्या

भाजपा शासन और मंत्री से परेशान लोग स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं। पार्टी के किसी भी समर्थक ने दबाव नहीं बनाया है। रंगियाना मोहल्ले में गंदा पानी आप को मिला होगा। महेन्द्र नगर में दो-तीन दिन पहले समस्या थी, हमने निराकरण कराया है। - प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व विधायक कांग्रेस

भास्कर मौके पर

मोहल्ले के एक हिस्से में थी गंदे पानी की समस्या

अंतिम सिरे पर स्थित मकानों में कम दबाव से पानी

समस्या का समाधान तीन दिन पहले ही हो चुका है

महेन्द्र नगर: 3 दिन पहले हो गया समस्या का समाधान

गदाईपुरा क्षेत्र में बसे महेन्द्र नगर में गंदे पानी की समस्या को लेकर पूर्व विधायक ने शिकायत दर्ज कराई। क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद पता चला कि यहां तीन-चार दिन पहले गंदा पानी आ रहा था। उस समय पीएचई के अधिकारियों से इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। इस पर उन्हाेंने पूरे क्षेत्र के सीवर चेंबर साफ करा दिए और समस्या का समाधान हो गया। यहां रहने वाले वीरेन्द्र राजपूत का कहना है कि अब तो पानी साफ आ रहा है।

खबरें और भी हैं...