प्रदेश अध्यक्ष की महिला पदाधिकारियों को हिदायत, बोलीं-चुनावी साल है एक्टिव रहो, बैठक में 5-5 महिलाएं तो लातीं
ग्वालियर | महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने ग्वालियर की महिला नेताओं को हिदायत दी है कि वे फील्ड में जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा समय दें। अब पद लेकर बैठे रहने का समय नहीं है । इस साल से चुनाव शुरू हो रहे हैं और अगली साल तक चुनाव ही होने हैं। इसलिए लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली जाए। सोमवार को कांग्रेस भवन पर महिला कांग्रेस की बैठक में श्रीमती चाैहान ने प्रदेश पदाधिकारियों काे खड़ा किया और पूछा कि आप लोग अपने साथ कितनी महिलाएं जोड़कर लाई हैं? 12 महिला प्रदेश पदाधिकारियों ने न में सिर हिलाया तो श्रीमती चौहान ने कहा कि यह स्थिति ठीक नहीं है। महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष कमलेश कौरव ने कहा कि भाजपा सरकार न तो महिलाओं को सुरक्षित कर पा रही है और न महंगाई को दूर। हम लोग घर-घर तक जाकर भाजपा सरकार का झूठ सभी को बताएंगे। बैठक के बाद महिला कांग्रेस द्वारा फूलबाग गुरुद्वारा के सामने चौराहे पर भाजपा सरकार का पुतला दहन भी किया गया। बैठक व पुतला दहन में रमेश अग्रवाल, अशोक शर्मा, शोभा शिवहरे, मीरा शर्मा, विद्यादेवी कौरव, उषा चौहान, बृजवाला सिंह, प्रीति पाल, रचना कुशवाह, मधुलिका क्षीरसागर, मिथलेश यादव समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।