पद लेकर घर बैठने का शौक है तो पद छोड़ें: बरुआ
पॉलिटिकल रिपोर्टर| ग्वालियर
विकास यात्राओं से दूरी बनाने वाले भाजपा नेताओं पर संगठन सख्ती करने जा रहा है। संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ ने सोमवार को जिले के पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे उन लोगों की सूची तैयार करें, जो पार्टी में पद लिए बैठे हैं। लेकिन अपने विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पद लेकर घर बैठने को शौक है वे पद छोड़ दे और जो पार्टी के लिए काम नहीं कर पा रहे, वे पार्टी को छोड़कर जा सकते हैं। चुनावी साल है और किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता का ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुरार स्थित सर्किट हाउस में भाजपा की जिला बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें श्री बरूआ ने कहा कि 24,25 व 26 मई को सभी मंडलों में बैठकों का आयोजन किया जाए और पोलिंग स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा जाए।
युवा मोर्चा: वार्ड अध्यक्ष घोषित, पोलिंग सेंटर तक का दिया टारगेट
ग्वालियर | भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने सोमवार को वार्ड अध्यक्ष घोषित कर दिए। सभी वार्डों के अध्यक्षों का परिचय कार्यक्रम पार्टी के संभागीय कार्यालय पर हुआ। जिसमें संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ, शहर अध्यक्ष देवेश शर्मा ने उन्हें पार्टी का काम करने के लिए कहा। कार्यक्रम में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय जैन, जिलाध्यक्ष विवेक चौहान, महामंत्री निर्देाष शर्मा, हरीश यादव भी मौजूद थे।
सड़क पर न आए कचरा घर-घर से होगा संग्रहण
ग्वालियर | घरों से निकलने वाला कचरा सड़क पर आने के बजाय वाहनों के जरिए सीधे लैंडफिल साइड पहुंचे, जिससे इसका निस्तारण कराया जा सके। नगरीय निकास अपने स्तर पर प्रत्येक घर व दुकान में दो-दो डस्टबिन रखवाएं ताकि गीले और सूखे कचरे को अलग किया जा सके। यह निर्णय सोमवार को नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए ग्वालियर संभाग के 16 नगरीय निकायों की एडवाइजरी कमेटी की पहली बैठक के दौरान लिया गया।बैठक में नोडल अधिकारी आरके शुक्ला, महापौर विवेक शेजवलकर आदि मौजूद थे।