अमन यादव के दोहरे प्रदर्शन से हारी मास्टर ब्लास्टर
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| ग्वालियर
मैन ऑफ द मैच अमन यादव (112 रन और 2 विकेट) की विस्फोटक शतकीय पारी और सटीक गेंदबाजी से आरसीसी ने अंडर 18 वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। उन्होंने बुधवार को खेले गए मुकाबले में मास्टर ब्लास्टर को 80 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
आरसीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अमन यादव ने अनुराज के साथ कप्तानी पारी खेलते हुए इस फैसले काे सही साबित किया। दोनों ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 8 ओवर में टीम को 70 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद अमन ने अपने खेल में तेजी ला दी। उधर विपक्षी गेंदबाज विकेट की तलाश में बगलें झांगते नजर आए। इस बीच अमन एक गलत शॉट खेलने के चलते बोल्ड हो गए। अमन ने 101 गेंद का सामना करते हुए 11 बाउंड्री ठोक 112 रन की शतकीय पारी खेली। इनके पीछे अर्धशतक पूरा कर चुके अनुराज भी 7 बाउंड्री और 1 सिक्स के सहारे 76 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आरसीसी ने 35 ओवर में 6/283 रन बनाए। मास्टर ब्लास्टर के लिए कबीर शर्मा ने 3 और विश्वजीत ने 2 विकेट लिए। जवाब में मास्टर ब्लास्टर की टीम 203 रन पर ढेर हो गई, जिसमें अनवेष ने सर्वाधिक 52 रन जोड़े। जतिन ने 40, अरमान ने 20 और राहुल ने 15 रन का योगदान दिया। आरसीसी के लिए राघवेंद्र और अमन ने 2-2 तथा अनुराज, तबारिन और अभिषेक ने 1-1 विकेट बांटा।
Cricket
मैन ऑफ द मैच अमन यादव