LNIPE के समर कैंप में 22 खेलाें की फीस के साथ लगेगा 18% GST
लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (एलएनआईपीई ) में 7 मई से समर कोचिंग कैंप की शुरुआत होगी। इस बार कैंप में स्वीमिंग को छोड़कर 22 खेल विधाएं शामिल की गई हैं। खास बात यह है कि इंस्टीट्यूट फीस के अलावा इस बार जीएसटी चार्ज भी प्रतिभागियों से लिया जाएगा। इससे इन समर कैंप में प्रति व्यक्ति खर्च 200 से लेकर 450 तक बढ़ गया है। इन कैंप में 8 से 19 साल के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। इसमें शामिल होने के लिए 4 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन के लिए फार्म भी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। यह कैंप सुबह 6 से 8 बजे का रहेगा। इस कैंप का समापन 20 जून को होगा।
फार्म में यह भरनी होगी प्रतिभागी को जानकारी
फार्म में प्रतिभागी का नाम के अलावा माता-पिता का नाम, ऑक्युपेशन, रेजीडेंशियल एड्रेस, मोबाइल नंबर के अलावा पासपोर्ट साइज के फोटो, जन्म तिथि प्रमाण पत्र भी लगाना होगा। संस्थान ने यह भी बताया है कि रविवार या दूसरे पब्लिक हॉलिडे के दिन ट्रेनिंग सस्पेंडेड भी की जा सकती है।
नियमानुसार है जीएसटी
समर कोचिंग कैंप के कोआर्डिनेटर प्रो. विलफ्रेड ने बताया कि समर कोचिंग कैंप में केंद्र सरकार के नियमानुसार ही जीएसटी जोड़ा गया है। इसके अलावा पानी की कमी को देखते हुए इस बार स्वीमिंग को शामिल नहीं किया गया है। यह फैसला ग्वालियर में पानी की कमी को देखते हुए लिया गया है। वहीं संस्थान ने सर्कुलर में बताया है कि कैंप में आने वालों को एक बार मनी डिपोजिट करनी होगी, जो रिफंडेबल नहीं होगी। इसके अलावा अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई है।
हर खेल के हिसाब से होगी किट
संस्थान की ओर से एक सर्कुलर जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि हर खेल के हिसाब से प्रतिभागी जरूरी इक्विपमेंट और तय की गई किट के अनुसार आना होगा। इसकी जानकारी सर्कुलर में दी गई है। इसमें बताया गया है कि जो भी आवेदन अधूरे होंगे, उन पर किसी भी तरह का विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही स्टूडेंट्स को रेगुलर कैंप में आना होगा। अगर उन्हें छुट्टी चाहिए भी तो उन्हें परमिशन लेनी होगी। अधिक जानकार के लिए संस्थान की वेबसाइट पर विजिट की जा सकती है।
कैंप में होंगी यह एक्टिविटी
गेम का नाम फीस जीएसटी कुल
क्रिकेट 2500 450 2950
टेनिस 2000 360 2360
फुटबॉल 1500 270 1770
बास्केटबॉल 1500 270 1770
म्यूजिक 1200 216 1416
स्केटिंग 1500 270 1770
बैडमिंटन 2500 450 2950
टेबल टेनिस 1500 270 1770
फिटनेस 1500 270 1770
एरोबिक्स 1500 270 1770
जिम्नास्टिक 1500 270 1770
फिटनेस स्पेशल 2500 450 2950
वालीबाॅल 1500 270 1770
एथलेटिक्स 1500 270 1770
जूडो 1500 270 1770
एडवेंचर स्पोर्ट्स 1500 270 1770
हॉकी 1500 270 1770
स्क्वेश रैकेट 1800 324 2124
शूटिंग 1800 324 2124
फाइन आर्ट 1200 216 1416
हैंडबॉल 1500 270 1770
नोट:- जीएसटी 18% लगाया गया है।
5 विधाओं में उम्र का बंधन नहीं
जिन 22 विधाओं में ट्रेनिंग दी जाएगी, उनमें 5 विधा में उम्र का बंधन नहीं रखा गया है। इनमें योगा, फिजिकल फिटनेस एंड वेट ट्रेनिंग, एरोबिक्स, फिजिकल फिटनेस स्पेशल और फाइन आर्ट शामिल है।