कुछ लोगों को पता होता है कि उन्होंने क्यों जन्म लिया है
स्टोरी 1 : हाल ही में मैं मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के बिजावर स्थित ‘जटाशंकर’ मंदिर में गया। दूर से देखकर कभी पता नहीं चलता कि मंदिर में भीड़ है या नहीं, क्योंकि मंदिर पहाड़ी के मध्य में है। पहाड़ी तक ड्राइव करने और फिर भगवान शिव के दर्शन करने के लिए पहाड़ी के बीच तक पैदल जाने की सुविधा है। गर्भगृह इतना छोटा है कि एक वक्त में तीन से ज्यादा लोग निकट से दर्शन नहीं कर सकते। इसलिए दर्शन में बहुत ज्यादा समय लग जाता है। लेकिन, जब मेरे ड्राइवर ने मंदिर में किसी को मेरा परिचय दिया कि मैं डॉ. राधेश्याम भटनागर का मेहमान हूं तो पूरा परिदृश्य ही बदल गया। समिति ने मेरे दर्शन के लिए विशेष राह निकाली और पूरे साल भरे रहने वाले पानी के तीन स्रोतों से पवित्र जल मेरे स्नान के लिए लाया गया और किसी सुपर वीवीआईपी की तरह मुझे दर्शन लाभ मिला। बाद में एक दल मुझे मेरी कार तक छोड़ने आया। इससे मैं सोचने पर मजबूर हुआ कि एक डॉक्टर का किसी मंदिर से क्या संबंध हो सकता है?
डॉ. भटनागर बीएचएमएस फार्मेसी डिप्लोमा धारी हैं और सौभाग्य से फार्मासिस्ट के रूप में 1964 में उनकी नियुक्ति उनके ही शहर बिजावर में हुई। बाद में उनका तबादला जिला मुख्यालय छतरपुर में हो गया, जो उनके शहर से 25 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं है। चूंकि सड़कें न के बराबर थीं तो सफर में बहुत वक्त लगता था। इसलिए वे जिला मुख्यालय में रहे और वहां तीन साल सेवा दी। किंतु जब वे सप्ताहांत में जाते तो उन्हें अच्छे डॉक्टरों व दवाइयों के अभाव में ग्रामीणों के कष्टों की खौंफनाक कहानियां सुनने को मिलती। फिर उनकी माताजी सुंदर बाई ने उन्हें नौकरी छोड़कर उस गांव की सेवा करने पर मजबूर किया, जहां वे पले-बढ़ें। फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब 75 वर्ष के हो चुके डॉक्टर रोज 18 घंटे काम करते हैं और वे हर उस व्यक्ति के लिए मसीहा हैं, जो बीमार पड़ता है। कोई अचरज नहीं कि जब मैं मंदिर जाने के पहले उनके घर ठहरा तो देखा कि एक बड़ी भीड़ अपने देवता का इंतजार कर रही है!
स्टोरी 2 : यदि आप सोचते हैं कि डॉ. भटनागर जैसे अत्यधिक जुनूनी व्यक्ति इस आधुनिक पीढ़ी में अब नहीं हैं तो आपको 35 वर्षीय डॉ. पी. आदर्श से मिलना चाहिए।
चेन्नई के जयेन्द्र सरस्वती आयुर्वेद कॉलेज एंड हॉस्पिटल से बीएएमएस की डिग्री लेने वाले आदर्श हमेशा से आदिवासी इलाकों के लोगों की सेवा करना चाहते थे। यह तड़प उन्हें केरल के मुन्नार स्थित मनकुलम पंचायत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यह ऐसे घने जंगल के बीच है कि लोग वहां बहुत कम जाते हैं। सुविधाओं के अभाव के कारण कई डॉक्टर वह जगह छोड़कर चले गए। वर्तमान में पिछले कुछ साल से डॉ. आदर्श एक ही पैरामेडिकल स्टाफ कृष्णन के साथ काम करते हैं और 100 छोटे गांवों तक सेवा देते हैं सिर्फ एक ही संकल्प के साथ कि कोई भी 24 घंटे में कभी भी उनका दरवाजा खटखटा सकता है और वे उसका उपचार करेंगे बिना एक पैसा लिए।
इस रवैए और भरोसे के कारण रोगी 50 किलोमीटर चलकर उनके संेटर तक पहुंचते हैं, क्योंकि वे उन्हें ईश्वर का भेजा हुअा दूत मानते हैं। कभी-कभी वे जीप किराये पर लेकर आदिवासी इलाकों के अत्यंत भीतर की जगह पर भी जाते हैं। मानसून में तो किसी खास जगह पर जाने के लिए उन्हें छह किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। उनके समर्पण का नतीजा न सिर्फ डोनेशन में मिले 4 लाख रुपए बल्कि खून की कमी, त्वचा रोग और अन्य संक्रामक रोगों के प्रति जागरूकता के रूप में सामने आया है। सरकार भी विशेष रुचि लेकर इस केंद्र को एक मिसाल बनाना चाहती है।
फंडा यह है कि हर युग में ऐसे लोग होते हैं, जिन्हें जीवन में अपना उद्देश्य पता होता है और वे उसी के लिए काम करते हैं।
एन. रघुरामन
मैनेजमेंट गुरु
raghu@dbcorp.in
मैनेजमेंट फंडा एन. रघुरामन की आवाज में मोबाइल पर सुनने के लिए टाइप करें FUNDA और SMS भेजें 9200001164 पर
मैनेजमेंट फंडा एन. रघुरामन की आवाज में मोबाइल पर सुनने के लिए टाइप करें FUNDA और SMS भेजें 9200001164 पर
पार्थ का विजयी आगाज
ओपन शतरंज टूर्नामेंट का पहला दिन अनुभवी खिलाड़ियों के नाम रहा
स्पोर्ट्स रिपोर्टर|ग्वालियर
क्वीन सैक्रिफाइस ओपन शतरंज टूर्नामेंट का पहला दिन अनुभवी खिलाड़ियों के नाम रहा। सराफा बाजार में मंगलवार से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में पार्थ चितलांगिया और खुशी जैन ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर पहला राउंड अपने नाम किया। टूर्नामेंट में दूसरे राउंड के मुकाबले बुधवार को खेले जाएंगे।
जैन शतरंज अकादमी द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में 7 नंबर टेबल पर हुए मुकाबले में पार्थ चितलांगिया और पलाश बजाज आमने-सामने हुए। इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में पार्थ ने अपने अनुभव का लाभ लेकर बाजी मारी। उधर हाल ही के विजेता रहे श्रीवर्धन त्रिपाठी ने अपने दो मोहरों का बलिदान देकर यश गर्ग को पराजित किया।
खुशी और आन्या ने भी जीत के साथ बनाए एक-एक अंक
वहीं दो नंबर टेबल पर अदिति माहेश्वरी ने मैच के शुरुआती समय में खुशी जैन के खिलाफ कई रोमांचक ट्रैप लगाए। लेकिन खुशी जैन ने अदिति के सभी ट्रैपो को भांपते हुए उन्हें असफल कर दिया। अदिति के ट्रैपो की वजह से सभी मोहरे राजा को छोड़ आगे निकल गए थे। फिर खुशी ने राजा की तरफ आक्रमण किया और क्वीन सैक्रिफाइस कर मैच जीत लिया। वहीं श्रेया सोमानी और आन्या बुलानी के बीच खेला गया मुकाबला अंतिम समय तक रोमांचक रहा। श्रेया ने अतिउत्साह में अपनी तरफ से कुछ गलत चाल चल दी। जिसका लाभ आन्या काे मिला और उन्होंने बाजी पर कब्जा कर जीत दर्ज कर ली। दिन के अन्य मुकाबलों में ध्रुविका गुप्ता, श्लोक जैन, नाम्या कलानी, आदित्य गुप्ता, साक्षी माखीजा, तेजल श्रीवास्तव, भव्य गोयल, सुप्रिया गुप्ता, कृष अग्रवाल, काव्या परवल, अन्वेषा गुप्ता, समन्यू आहूजा, भव्य मतलानी, कुश मित्तल, पूर्वी, अंशिका और अम्लान प्रतिभा ने जीत के साथ एक-एक अंक बनाया।