51 कलशों के साथ निकाली शोभायात्रा, भागवत कथा शुरू
लाल साहब के बगीचे में भागवत कथा शुरू होने से पहले कलश यात्रा निकाली गई।
सिटी रिपोर्टर| ग्वालियर
मुरार स्थित लाल साहब का बगीचा, गली नंबर तीन में, श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ मंगलवार को किया गया। इस मौके पर 51 कलशों के साथ महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली।
कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश रखे हुए पीले वस्त्र धारण किए हुए थीं। कथा का आयोजन 21 मई तक किया जाएगा। कथा व्यास पं. सतीश कौशिक महाराज ने कथा के पहले दिन भागवत कथा का महत्व बताया।
बिजली आउटसोर्स कर्मियों ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
ग्वालियर| बिजली आउटसोर्स कर्मियों ने मांगों को लेकर भोपाल में रैली व प्रदर्शन कर कर्मचारी संगठन के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संजय श्रीवास्तव को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार सबका साथ सबका विकास योजना में आउटसोर्स कर्मियों को शामिल क्यों नहीं कर रही है। जबकि हिमाचल प्रदेश, दिल्ली राज्य के अतिरिक्त बिहार राज्य में सेवारत आउटसोर्स कर्मी रेग्युलर के बराबर मासिक वेतन व अन्य सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।
अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा आज ज्ञापन देगा
ग्वालियर| मप्र अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा 16 मई को 71 सूत्रीय मांगपत्र को लेकर कलेक्टर से भेंट करेगा। मोर्चा के अध्यक्ष रणवीर सिंह सिकरवार के मुताबिक सुबह 11 बजे कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा ।
गुंजन वशिष्ठ की श्रीमद् भागवत कथा आज से
लक्ष्मीगंज स्थित राधे गोविंद मेंशन में पुरुषोत्तम मास पर्व पर श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन बुधवार से किया जाएगा। भक्तों को सुश्री गुंजन वशिष्ठ भागवत कथा सुनाएंगी। यह जानकारी कथा परीक्षित रीता कक्कड़ ने दी।