दोनों विभाग चर्चा कर निकालेंगे समस्या का हल
लीगल रिपोर्टर| ग्वालियर
किला तलहटी में अतिक्रमण के संबंध में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई में राज्य शासन की ओर से न्यायालय को बताया गया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) विभाग द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों का बातचीत के माध्यम से निराकरण किया जाएगा। पिछली सुनवाई में एएसआई ने राज्य शासन द्वारा हस्तांतरित की गई 2.947 भूमि को अपर्याप्त बताया था। एएसआई के अभिभाषक ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि राज्य शासन को 30.240 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित करने के लिए पत्र भी लिखा गया था। इसके बाद भी अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। इस पर कोर्ट ने राज्य शासन को अपना पक्ष रखने के लिए निर्देशित किया था। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता ने मौखिक रूप से बताया कि जिला प्रशासन व एएसआई के अधिकारी आपस में चर्चा कर समस्या का हल निकालेंगे।
नियोजन एवं पर्यवेक्षण समिति की बैठक 23 को
ग्वालियर|नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा ग्वालियर विकास योजना के क्रियान्वयन के लिए गठित की गई नियोजन एवं पर्यवेक्षण समिति बैठक संभाग आयुक्त बीएम शर्मा ने 23 मई को बुलाई है। बैठक दोपहर 3 बजे मोतीमहल स्थित मानसभागार में होगी।
पात्र विद्यार्थी बैंक खाता क्रमांक में सुधार कराएं
ग्वालियर| शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता राशि दी जाती है। परंतु बैंक में खाता प्रचलन में न होने से राशि भुगतान नहीं हो पाती। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बताया कि ऐसे विद्यार्थी कार्यालय में उपस्थित होकर 30 मई तक निराकरण करा सकते हैं। ऐसे सभी विद्यार्थी अपने बैंक खाता क्रमांक की त्रुटि में सुधार कराएं ताकि राशि का भुगतान समय पर किया जा सके।
एकीकृत ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन के लिए 1640 करोड़ आवंटित
ग्वालियर| नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा कि एकीकृत ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन योजना में छह क्लस्टर को 1640 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। ग्वालियर क्लस्टर में 16 नगरीय निकायों को शामिल किया गया है। इनके लिए 259 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। यहां पर कचरे से बिजली उत्पादन इकाई की स्थापना की जाएगी। इस पूरी परियोजना के लिए 3200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
महासभा आज मनाएगी नाथूराम गोडसे की जयंती
ग्वालियर|अखिल भारत हिंदू महासभा शनिवार को हुतात्मा नाथूराम गोडसे की जयंती सुबह 9.30 बजे महासभा भवन, दौलतगंज, लश्कर में महाआरती कर मनाएगी। महाआरती सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश नारायण शर्मा की अध्यक्षता में होगी। प्रवक्ता मोहन ने सभी राष्ट्रभक्तों से इसमें शामिल होने की अपील की है।