शपथ ग्रहण समारोह में नए पदाधिकारी और सदस्यों ने कहा कि हमारा मकसद ज्यादा से ज्यादा सामाजिक कार्य करना है। फोटो: भास्कर
जैन मिलन महिला शाखा नेमीनाथ दानाओली का शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह हुआ
सिटी रिपोर्टर | ग्वालियर
शहर में लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा। यह संकल्प जैन मिलन महिला शाखा नेमीनाथ दानाओली की नवीन कार्यकारिणी ने नई सड़क स्थित जैसवाल धर्मशाला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बालचंद्र जैन ने कहा कि महिलाएं समाज सेवा में आगे आकर नई पीढ़ी को दिशा दें। इससे देश और समाज आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला संयोजक शीला टोंग्या, शपथ अधिकारी निर्मल जैन, क्षेत्रीय महिला संयोजक अनीता जैन और निवर्तमान अध्यक्ष सोनल जैन मौजूद रहीं। संचालन सारिका जैन ने किया।
Oath Ceremony
सुषमा जैन अध्यक्ष, नूतन कोषाध्यक्ष
कार्यक्रम में जैन मिलन महिला की नई टीम की अध्यक्ष सुषमा जैन, उपाध्यक्ष वंदना जैन, सारिका जैन, सचिव रेखा जैन, सहसचिव संजू जैन, कोषाध्यक्ष नूतन जैन, सहकोषाध्यक्ष नीलम जैन, सांस्कृतिक मंत्री ललिता जैन, पूजा जैन, रेनू जैन, ऑडिटर इंदु जैन, प्रचार मंत्री अवधेश जैन बनीं। कार्यकारिणी सदस्यों में मीरा जैन, सुधा जैन, दीपा जैन, नीलम जैन, विनीता जैन, उषा जैन, मंजू जैन, सुनीता जैन, सिलोचना जैन ने शपथ ली। समारोह में जैन मिलन युवा नेमीनाथ, जैन मिलन नेमीनाथ और जैन मिलन बालिका नेमीनाथ के पदाधिकारी और सदस्यों को अलग-अलग शपथ विधि अधिकारी ने शपथ दिलाई।
मंगलाचरण और नृत्य की दी प्रस्तुति
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर महिलाओं ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। इसके बाद लोकगीतों पर महिलाओं ने एकल और समूह नृत्य पेश किया। कार्यक्रम में महिला और बच्चों के लिए भी मनोरंजक गेम भी कराए गए। इनमें धार्मिक हाऊजी के साथ वन मिनट गेम हुए।
इनका किया सम्मान
कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष सोनल जैन ने वर्षभर सहयोग करने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की संयोजक, जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन का सम्मान किया। साथ ही जैन मिलन के पंकज बाकलीवाल, राजेश जैन, हेमंत जैन, विनय कासलीवाल, डाॅ. सुनील गोधा और विनय जैन का भी सम्मान किया गया।