एजुकेशन रिपोर्टर | ग्वालियर
हाईस्कूल परीक्षा में बेस्ट फाइव स्कीम का फायदा लेकर पास हुए छात्र जिस एक विषय में फेल हैं उसके लिए पूरक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। ऐसे छात्रों को 3 जून तक आवेदन करना होगा। इसके अलावा अन्य हायर सेकंडरी व हाईस्कूल छात्रों को पूरक परीक्षा के लिए फॉर्म परीक्षा प्रारंभ होने से एक दिन पहले तक भर सकेंगे। हाईस्कूल के जिन छात्रों ने पुनर्गणना के लिए आवेदन दिए हैं उनका परिणाम यदि बदलता है तो उन्हें भी 3 जुलाई की रात तक फॉर्म भरने की छूट रहेगी।
एमपी बोर्ड के संभागीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पूरक परीक्षा के फॉर्म छात्र एमपी ऑनलाइन के माध्यम से या फिर स्कूल से भर सकेंगे। हायर सेकंडरी परीक्षा में केवल एक विषय में जबकि हाईस्कूल में दो विषय में छात्रों को पूरक की पात्रता दी गई है। हायर सेकंडरी की पूरक परीक्षा 3 जुलाई को होगी जबकि हाईस्कूल की 4 से 12 जुलाई के बीच सुबह की पाली में। इन्हीं छात्रों के साथ हायर सेकंडरी व्यावसायिक पाठ्यक्रम मुख्य परीक्षा में फेल छात्र भी परीक्षा देंगे। दोनों परीक्षाओं के कुछ विषय में प्रैक्टिकल होते हैं। पूरक परीक्षा में छात्र को केवल एक ही परीक्षा देनी होगी। यदि वह प्रैक्टिकल में फेल हो तो प्रैक्टिकल की परीक्षा देना होगी और यदि वह सैद्धांतिक परीक्षा में फेल है तो यह देनी होगी। जो छात्र पूरक परीक्षा में शामिल होंगे उनकी अंकसूची बाद में तैयार होंगी।
पूरक परीक्षा की फीस-हाईस्कूल: -हायर सेकंडरी में प्रति विषय परीक्षा शुल्क 350 रुपए रहेगा। हायर सेकंडरी व्यावसायिक परीक्षा के लिए दो विषय तक 350, चार विषय में 500 तथा चार से अधिक विषय के लिए 600 रुपए फीस जमा करनी होगी। इसके अलावा सभी छात्रों को 25 रुपए कियोस्क चार्ज अलग से देना होगा।
9 जून से शुरू होगी परीक्षा
हाईस्कूल-हायर सेकंडरी परीक्षा में फेल छात्र रुक जाना नहीं स्कीम में 25 मई तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इनकी परीक्षा 9 जून से प्रारंभ होगी। परीक्षा कार्यक्रम एडमिट कार्ड पर प्रिंट होकर आएगा। किसी भी तरह की समस्या को लेकर छात्र 0755-4019400 पर संपर्क कर सकते हैं।
रुक जाना नहीं में 25 मई तक जमा होंगे आवेदन