300 बच्चों ने दो घंटे में किया किला फतह
बच्चों को साहसिक गतिविधियाें का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से सोमवार को रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 18 साल तक के प्रतिभागी शामिल हुए।
सिटी रिपोर्टर | ग्वालियर
जैन सोशल ग्रुप ग्रेटर ग्वालियर की ओर से इन दिनों समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में शामिल 300 बच्चों को रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण ग्वालियर फोर्ट पर दिया गया। इस कैंप में शामिल प्रशिक्षणार्थियों को पहले दो ग्रुप में बांटा गया। इसके बाद उनको रॉक क्लाइंबिंग से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद इनको छह ग्रुप में फोर्ट पर 20 फीट से लेकर 100 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ाया गया। इसमें जूनियर ग्रुप में शामिल प्रतिभागियों को 20 से 50 फीट और सीनियर ग्रुप में शामिल प्रतिभागियों को 50 से 100 फीट का टारगेट दिया गया। कैंप में शामिल ज्यादातर प्रतिभागियोें ने 100 फीट तक रॉक क्लाइंबिंग की। यह प्रशिक्षण 7 जून तक रहेगा। इस कैंप में ड्राइंग पेंटिंग, केलीग्राफी, इंडोर-आउटडोर गेम, क्रिकेट, वालीबाॅल, टेबल टेनिस आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।