श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनकगंज में मनाए जा रहे पुरुषोत्तम मास पर्व में सोमवार को भगवान लक्ष्मी नारायण का गन्ने के रस से अभिषेक किया गया। इसके बाद बाबा महाराज ने भगवान का शृंगार कर अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना की।बाबा महाराज ने भगवान का अभिषेक करने के लिए चार बड़े भगोने गन्ने के रस के मंगवाए थे। इनमें भगवान लक्ष्मी नारायण की मूर्ति पर पहले शक्कर से लेप किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गन्ने के रस से अभिषेक किया। भगवान के अभिषेक के उपरांत पट बंद कर दिए गए और भगवान का विशेष शृंगार किया गया। भगवान के शृंगार के बाद पट पुन: दर्शन के लिए खोल दिए गए। बाबा महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि भगवान को मौसम के अनुरूप आने वाले फल पसंद हैं। इसलिए प्रतिदिन अलग-अलग फलों और रस से अभिषेक किया जा रहा है। अभिषेक उपरांत भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
संजय लभाटे ने बताया है कि प्रतिदिन बाबा महाराज द्वारा भगवान का अभिषेक किया जा रहा है। मंगलवार को आम के रस से अभिषेक किया जाएगा। यह आयोजन सुबह साढ़े सात बजे से नौ बजे तक होगा। रात्रि में आरती के बाद तुलसी दल भगवान को समर्पित किए जाएंगे।
लक्ष्मीनारायण मंदिर में अभिषेक के लिए एकत्रित होता गन्ने का रस।