फिट रखने की किताबों के 50 से ज्यादा टाइटल, युवाओं की पसंद
योग के जरिए खुद को किस तरह स्वस्थ रख सकते हैं। थैरेपी के क्या-क्या फायदे हैं और हेल्दी डाइट किस तरह की होनी चाहिए। कुछ ऐसी ही जानकारी लोग किताबों के माध्यम से समझ रहे हैं। इनमें योग से रहें फिट, हेल्दी डाइट, सब्जियों के फायदे सहित अन्य किताब शामिल हैं। लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने स्थित मैदान पर लगे ग्वालियर पुस्तक मेले में इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी किताबों की मांग सबसे ज्यादा है। खासतौर से महिलाएं ऐसी किताबें ज्यादा खरीदना पसंद कर रही हैं। यह हिंदी और इंग्लिश दोनों में उपलब्ध हैं और इनके 50 से ज्यादा टाइटल मौजूद हैं। विक्रेताओं का कहना है कि बिगड़ती लाइफ-स्टाइल की वजह से लोग अनफिट हो रहे हैं, जिसका नकारात्मक असर उनके शरीर पर पड़ रहा है। यही वजह है कि लोग इस तरह की किताब लेना पसंद कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह के पुस्तक मेले समय-समय पर शहर में लगना चाहिए। ताकि किताब पढ़ने के शौकीन लोगों को उनकी पसंदीदा किताब मिल सकें। कई बार हमें दूसरे शहरों से पसंदीदा किताब लानी पड़ती हैं।
पुस्तक मेले में शहरवासी फिट रहने की किताबें सबसे ज्यादा खरीद रहे हैं, इनमें महिलाओं की संख्या अधिक है
Book Fair
लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने लगे पुस्तक मेले में पसंदीदा पुस्तक पसंद करते शहरवासी। फोटो: भास्कर
पोती के दिल में छेद, दादा ने लिखी 7456 पंक्तियों की किताब
पुस्तक मेले में लेखक आलोक शर्मा ने भी स्टॉल लगाया है। इसमें उनके द्वारा लिखित पुस्तकें भी शामिल हैं, जिसमें पोती के लिए 7456 पंक्तियों की लिखी किताब भी शामिल है। वे कहते हैं कि उनकी पोती के दिल में 2 छेद हैं, इसलिए उन्होंने यह पुस्तक लिखी। इसे वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन में शामिल किया गया है। इसके अलावा उनके नाम 3 गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी हैं। वे कहते हैं कि शासकीय सेवा में रहते हुए मैंने लिखना नहीं छोड़ा। 1992 से मैंने लेखन की शुरुआत की और अब तक 17 पुस्तक लिख चुका हूं। आने वाले समय में अलग-अलग विषय पर और भी पुस्तक लिखने का क्रम जारी रहेगा।
आलोक शर्मा
लोगों के लिए कई तरह के ऑफर
पुस्तक मेले में पुस्तक लेने वालों के लिए कई तरह के ऑफर भी चलाए जा रहे हैं। खासतौर पर नोवल के शौकीन लोगों के लिए 100 रुपए में 5 नोवल देने की स्कीम शामिल है। इसमें फिक्शन और नॉन फिक्शन किताब शामिल हैं। विक्रेताओं का कहना है कि इंग्लिश के नोवल वर्तमान में युवा ज्यादा संख्या में खरीदते हैं। इनमें अधिकतर कॉलेज गोइंग स्टूडेंट्स रहते हैं। इसलिए उन पर ज्यादा भार न पड़े, इसके लिए स्कीम चलाई जा रही है। वहीं युवाओं का कहना है कि 100 रुपए में हमें 5 नोवल मिल रहे हैं, जो हमारे लिए फायदेमंद है।
20 को होगा समापन
9 दिवसीय पुस्तक मेले का समापन 20 मई को होगा। इसमें देशभर से 34 प्रकाशकों ने 50 स्टॉल लगाए हैं। इनमें विभिन्न वर्गों के लिए किताबें खास हैं। इनमें बच्चों के लिए कहानी, युवाओं के लिए नोवल, महिलाओं के लिए घर गृहस्थी और बुजुर्गों के लिए साहित्य से जुड़ी किताबों के अलावा वास्तु-शास्त्र, धार्मिक पुस्तकें शामिल हैं।