पाइप लाइन से निकाली मिट्टी, 10वें दिन आया पानी
रेसकोर्स रोड के बंगला नंबर बी-39 में 10वें दिन पानी पहुंच ही गया। नगर निगम के पीएचई अमले ने अपनी पाइप लाइन की खुदाई के साथ-साथ कनेक्शन को भी चेक किया। उसमें भी मिट्टी भरी निकली, उसको साफ करते ही मंगलवार को पानी आने लगा।
दैनिक भास्कर ने रेसकोर्स रोड के बंगलों की पानी की समस्या को उजागर किया था। इन बंगलों मे केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के अलावा आईपीएस अफसरों और अपर कलेक्टर के बंगले हैं। उसके बाद भी पानी की समस्या से लोग परेशान हो रहे थे। नगर निगम का पीएचई अमला दो दिन से पानी की लाइन चेक कर रहा था। इस संबंध में बंगले में रहने वाले राजा मानसिंह संगीत एवं कला यूनिवर्सिटी के सहायक प्राध्यापक एसके मैथ्यू ने बताया कि शाम को पानी आ गया है। अब कल पता चलेगा कि समस्या खत्म हुई है या नहीं। पीएचई के सब इंजीनियर राजीव पांडे ने बताया कि समस्या खत्म हो गई है। उनके कनेक्शन में मिट्टी भरी हुई थी। इसलिए पानी नहीं पहुंच रहा था।