माधौगंज क्षेत्र में करतार कॉलोनी से लेकर लक्कड़खाने तक घर के बाहर खड़ी कारों को आधी रात में शरारती तत्वों ने निशाना बनाया। इन्होंने करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में 8 कारों के कांच फोड़ गए। यह हरकत करने वालों को किसी ने नहीं देखा। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। ताकि बदमाश नजर आ जाएं। एक मकान पर लगे कैमरे के फुटेज से पुलिस को कुछ सुराग मिल सकता है लेकिन मकान मालिक के बाहर होने की वजह से फुटेज नहीं मिल सके हैं।
लक्कड़खाना, करतार कॉलोनी, सात भाई की गोठ और इसके आसपास स्थित क्षेत्रों में लोग अपने चार पहिया वाहन घरों के बाहर खड़े करते हैं। गुरुवार रात को लोगों ने गाड़ियां खड़ी कर दीं। आधी रात के बाद घर के बाहर खड़ी कारों के कांच फोड़ने की शुरुआत लक्कड़खाने से हुई। यहां के बाद शरारती तत्वों ने जहां घर के बाहर कार खड़ी मिली, उसका कांच फोड़ दिया। करीब आधा घंटे के अंदर लक्कड़खाना, करतार कॉलोनी, उदयगिरी अपार्टमेंट और सात भाई की गोठ क्षेत्र में आठ कारों के कांच फोड़े। वहीं एसएएफ पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी एक बस के भी कांच फोड़ दिए। रात सवा एक बजे लक्कड़खाने के रहने वाले लोगों को जब कांच फूटने की आवाज सुनाई दी, तब वे बाहर आए। लक्कड़खाने में सिर्फ एक कार का कांच फूटा था। सुबह जब देखा तो पूरे क्षेत्र में कार कांच फोड़ने की घटना से खलबली मची हुई थी। सुबह लोगों ने माधौगंज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस नहीं आई तो लोग खुद ही थाने पहुंच गए। चार लोगों ने थाने में शिकायती आवेदन दिया है। लक्कड़खाना स्थित एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकलवाए जा रहे हैं।
करतार कॉलोनी से लक्कड़खाने तक घर के बाहर खड़ी 8 कार व एक बस के कांच फोड़े
इनकी गाड़ियों के कांच फूटे
राहुल जैसवानी निवासी करतार कॉलोनी की आई-10 कार क्रमांक एमपी 07 सीसी 7037, लक्कड़खाना के रहने वाले ओमप्रकाश जैसवाल की ओमनी क्रमांक एमपी 07 बीए 4575, अमित राठौर निवासी लक्कड़खाना की ऑल्टो क्रमांक एमपी 09 एचई 4323, दीपक गुप्ता निवासी उदयगिरी अपार्टमेंट की ऑल्टो 800 क्रमांक एमपी 08 सीए 6604, सात भाई की गोठ के डॉ.प्रजापति की कार के कांच फूटे। इन्होंने शिकायत की है। बाकी लोगों ने थाने में शिकायत नहीं की।
ये कैसा पुलिस गश्त, कहीं नजर नहीं आए सिरफिरे
आधी रात के बाद सिरफिरे करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में लगातार कारों के कांच फोड़ते रहे लेकिन पुलिस को कहीं भी यह नजर नहीं आए। इससे साफ है कि इन क्षेत्रों में कहीं भी पुलिस गश्त पर नहीं थी। जबकि रात को एसपी नवनीत भसीन निरीक्षण पर निकले और स्पष्ट कहा था कि रात 2 बजे के बाद जो भी निकले, बिना जांच के जाने न दिया जाए। फिर भी पुलिस इन क्षेत्रों में नजर नहीं आई।