कर्नाटक में हुए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर केंद्र सरकार के विरोध में शहर जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को गांंधी उद्यान में मौन धरना रखा। लेकिन दो घंटे के मौन धरने में भी अधिकतर कांग्रेसी चुप नहीं रह पाए। कोई मोबाइल फोन पर बतियाता दिखा तो कोई आपस में बतियाते आैर ठहाका लगाते ।
मौन धरना का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी कार्यक्रम आंदोलन समिति के संयोजक रमेश अग्रवाल कर रहे थे। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक धरना था। लेकिन कई कांग्रेस दस तो कुछ साढ़े दस बजे धरना स्थल पर पहुंचे। धरना के समापन पर राष्ट्रपति के नाम भेजे गए पत्र में कहा गया कि कर्नाटक में राज्यपाल संविधान का उल्लंघन कर लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा हैं, उन्हें इस कृत्य से रोका जाए। धरना का संचालन संगठन प्रभारी लतीफ खां ने आैर आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। धरना पर बैठने वालों में पूर्व सांसद रामसेवक सिंह, प्रद्युम्न तोमर रश्मि पवार शर्मा, आनंद शर्मा, अमरसिंह माहौर, रमा पाल, वासुदेव शर्मा, बृजमोहन परिहार, कृष्णराव दीक्षित, संजय शर्मा, श्याम सिंह चौहान, रामसुंदर सिंह, विद्यादेवी कौरव, कुसुम शर्मा आदि शामिल थीं।
पूर्व विधायक तोमर का उपवास समाप्त
पूर्व विधायक प्रद्युम्नसिंह तोमर ने शुक्रवार को सुबह उपवास समाप्त कर दिया। उनके समर्थकों ने जूस पिलाकर उनका उपवास समाप्त खुलवाया। वे गुरुवार को उपवास पर बैठे थे। इस मौके पर मौजूद पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने कहा कि श्री तोमर बधाई के पात्र हैं, वे हर वर्ग को लेकर संघर्ष करते हैं। इस अवसर पर पूर्व पार्षद सुरेंद्र चौहान, नत्थूसिंह जादौन, रामसिंह चौहान आदि मौजूद थे।
मौन धरने के दौरान मोबाइल पर बात करता कांग्रेसी।
इधर, महिलाआें पर बढ़ते अपराध के खिलाफ थाली बजाकर जताया विरोध
महिलाओं संबंधी अपराधों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने शुक्रवार की शाम मुरार में थाली बजाते हुए पैदल मार्च निकाला। युवा नेता मितेंद्र-दर्शन सिंह के नेतृत्व में मार्च में शामिल महिलाएं मुरार बस स्टैंड चौराहे से थालियां बजाते हुए सदर बाज़ार , गिर्राज मंदिर , गल्ला मंडी होते हुए बारादरी चौराहे पर पहुंची |यहां श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में पुलिस आैर प्रशासन की निष्क्रियता के चलते महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। हद तो तब हो रही है जब प्रशासन ही नहीं सरकार के मंत्री तक महिलाओं के साथ अभद्रता पर उतर आये हैं |कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संयोजक रमेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार के मंत्री भी महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। इसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी | थाली बजाओ मार्च में शहर प्रेम सिंह कुशवाह , रश्मि पवार शर्मा , लतीफ़ खान, मिथिलेश सिंह , विद्यादेवी कौरव , मीनू परिहार , मधुलिका क्षीरसागर , उषा चौहान , गिरिजा शर्मा , ब्रजबाला सिंह सहित कई लोग शामिल थे।