सात हजार किसानों के खातों में पहुंचेगी गेहूं के बोनस की रकम
पिछले साल जिन किसानों ने सरकारी खरीद पर गेहूं बेचा था। सरकार उन किसानों को 200 रुपए अतिरिक्त बोनस दे रही है। ग्वालियर में ऐसे 6 हजार 809 किसानों के खातों में बोनस की रकम पहुंचाई जा रही है। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने ग्वालियर व्यापार मेला के फैसिलिटेशन सेंटर में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ एवं जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। इस मौके पर अध्यक्षता केन्द्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने की। विशेष अतिथि के रूप में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह उपस्थित थीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया। मंत्री श्री पवैया ने कहा कि सरकार का साथ और किसानों की मेहनत का ही परिणाम है कि मध्यप्रदेश को पांच बार लगातार कृषि कर्मण अवार्ड से नवाजा गया है।इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले खेती किसानी के लिए हरियाणा और पंजाब का नाम लिया जाता था। प्रदेश के किसानों की मेहनत और प्रदेश सरकार की किसान हितकारी योजनाओं के कारण ही अब मप्र खेती किसानी में देश की अगुवाई कर रहा है।