शहरवासियों की सुविधा के लिए दो जगह लिफ्ट युक्त पैदल पुलों का निर्माण अधर में लटक गया है। ट्रिपल पी मॉडल पर तैयार किए जा रहे पुलों के लिए कंपनी ने गहरे-गहरे गड्ढे कर काम बंद कर दिया है। मौके पर सुरक्षा के इंतजाम तक नहीं है। इधर गांधी रोड पर पेवर्क का काम किया जा रहा है। ठेकेदार ने निर्माण सामग्री सड़क पर ही डाल रखी है, जिससे वाहन चालक गिर रहे हैं।
नगर निगम ने आकाशवाणी चौराहा और गोले का मंदिर चौराहे पर लिफ्ट युक्त पैदल पुल बनाने का फैसला लिया था। कंपनी ने काम की शुरूआत करा भी दी थी। काम तेजी से चल रहा था, तभी गोले का मंदिर पर पीएनजी की पाइप लाइन को कंपनी के ठेकेदारों के कर्मचारियों ने तोड़ दिया। उससे गैस काफी निकल गई और नुकसान भी हुआ। तब से काम शुरू नहीं हो सका।
इधर सड़क पर सामग्री: गांधी रोड पर पेवर्स लगाने का काम चल रहा है। ठेकेदार ने रोड पर ही निर्माण सामग्री डाल दी है। रात में कई लोग निर्माण सामग्री (रेत) में फिसलकर गिर रहे हैं। अजीत साहू ने बताया कि वे रात 12 बजे घर जा रहे थे। तभी निर्माण सामग्री में वाहन फिसल गया और वे गिर पड़े।