एसपी ने ली पहली बैठक, कहा- शाम को थाना प्रभारी चेंबर में नहीं सड़कों पर दिखाई दें, चेंबर में मिले तो कार्रवाई
क्राइम रिपोर्टर | ग्वालियर
जिले के नए एसपी नवनीत भसीन ने कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को अफसरों की पहली बैठक ली। बैठक की शुरुआत में ही उन्होंने इंदरगंज थाने के फाेटो दिखाए। यह फोटो उन्होंने गुरुवार की रात इंदरगंज थाने का निरीक्षण करते वक्त अपने मोबाइल से लिए थे। श्री भसीन ने फोटो दिखाकर कहा कि थाने के बाहर ऐसा कबाड़ा इकट्ठा किया है, यह अच्छा नहीं लगता है। इसे जल्द ही यहां से शिफ्ट किया जाए। जैसा साफ-सुथरा टीआई का चेंबर है, वैसा ही थाना होना चाहिए। इसके लिए टीआई स्टाफ के साथ मिलकर रविवार को थाना परिसर की सफाई करवाएं। श्री भसीन ने कहा, थाना प्रभारी शाम को चेंबर में नहीं बैठें, सड़क पर रहकर चेकिंग करवाएं। शहर में वारदात करने वाले बदमाश भिंड और मुरैना की ओर से आते हैं। इसलिए इन दोनों रास्तों से निकालने प्रत्येक वाहन को चेक किया जाए। चेकिंग के अलावा कुछ और न किया जाए। मैं कभी भी प्राइवेट वाहन से चेक करूंगा। जो गड़बड़ी करते पकड़े गए, उन पर कार्रवाई तय है।
तीन सवारी वाहनों को बिना कार्रवाई न निकलने दें: एसपी ने डीएसपी ट्रैफिक मनोज वर्मा से कहा कि पुलिसकर्मी हेलमेट के बिना वाहन चलाने वालों को पकड़ते हैं और 3 सवारी वाहनों को निकल जाने देते हैं। 3 सवारी वाहनों पर भी कार्रवाई होना चाहिए।
थानों की सीमा को लेकर न हो विवाद, बांटे सेटेलाइट मैप: थाने की सीमा को लेकर घटना होने के बाद कभी-कभी विवाद की स्थिति बन जाती है, ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को उनके सर्किल के मैप दिए गए। कहा कि इस मैप पर अपने थाने की सीमा तय करना है।
पड़ाव थाने के नए भवन में नहीं हुई बिजली फिटिंग
पड़ाव थाना जल्द ही किराए की बिल्डिंग से नवनिर्मित बिल्डिंग में शिफ्ट हो जाएगा। एसपी नवनीत भसीन ने गुरुवार की रात को पड़ाव थाने का निरीक्षण किया था इसके बाद इसे नवनिर्मित भवन में दो दिन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी तक नए भवन में बिजली फिटिंग नहीं हुई है इसलिए पहले बिजली फिटिंग कराई जा रही है। इसके बाद सामान शिफ्ट किया जाएगा। पड़ाव थाने को दो साल पहले खाली कर किराए के भवन में ले जाया गया। पुराने पड़ाव थाने को तोड़कर नया थाना बनाया गया है।