659 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
अक्षय तृतीया पर बुधवार को शहर में कई जगह सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग जोड़ों ने भी जीवन भर एक दूसरे के साथ चलने के वचन लिए। दिव्यांग जोड़ों को उनके परिजनों ने गोद में उठाकर फेरे दिलवाए। बुधवार को नगर निगम, वाल्मीकि समाज, राठौर समाज, एक्टिव मुस्कान सोसाइटी, मांझी युवा फाउंडेशन समिति द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नगर निगम द्वारा फूलबाग मैदान पर आयोजित सम्मेलन में 105 जोड़ों का विवाह कराया गया, जिनमें 3 दिव्यांग जोड़ों का विवाह भी कराया गया। इनके परिजन विवाह स्थल तक इन्हें गोद में लेकर पहुंचे। इनके फेरे भी गोद में ही कराए गए। इन दिव्यांग जोड़ों को विशेष प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा वाल्मीकि समाज प्रगतिशील संस्था द्वारा फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर के सामने 5 जोड़ों के विवाह कराए गए। राठौर समाज द्वारा ग्वालियर व्यापार मेला प्रांगण में 18 जोड़ों और मांझी युवा फाउंडेशन समिति द्वारा 22 जोड़ों का विवाह कराया गया। एक्टिव मुस्कान सोसाइटी द्वारा झांसी रोड स्थित मां मनसा देवी मंदिर पर 61 जोड़ों का विवाह कराया गया। खंगार परिहार समाज द्वारा मेला ग्राउंड पर 16 जोड़ों और अल्पकालीन आवास गृह में 5 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इसके अलावा जनपद पंचायत मुरार में 35, बरई में 5, डबरा में 131, भितरवार में 115, नगर पालिका डबरा में 47, नगर पंचायत बिलौआ में 19 एवं नगर पंचायत पिछोर में 29 जोड़ों के विवाह कराए गए।
यह मिला जोड़ों को: निगम द्वारा आयोजित विवाह समारोह में प्रत्येक जोड़े को 5 हजार रुपए के गहने तथा अन्य सामग्री दी गई। इसके अलावा कन्या के खाते में 20 हजार रुपए जमा कराए गए। साथ ही वर-वधू के दिव्यांग होने पर 2 लाख रुपए तथा एक दिव्यांग होने पर 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई।
श्री विश्वकर्मा गौड़ समाज का आदर्श विवाह सम्मेलन आज: श्री विश्वकर्मा गौड़ समाज विकास आदर्श विवाह समिति द्वारा समाज का 19वां सामूहिक विवाह सम्मेलन गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन मेला ग्राउंड ग्वालियर में होगा। यह जानकारी समिति के सचिव रामसेवक गौड़ ने दी।
नगर निगम द्वारा फूलबाग पर आयोजित सामूहिक विवाह में उपस्थित वर-वधू व उनके परिजन।
दिव्यांग वर-वधू को उनके परिजन सात फेरे दिलाते हुए।
गरीब कन्याओं के विवाह के लिए शुरू की योजना: माया सिंह
निगम द्वारा आयोजित विवाह समारोह की मुख्य अतिथि मंत्री माया सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह के लिए मुख्यमंत्री विवाह योजना चलाई जा रही है, जिससे गरीब परिवारों पर कन्या के विवाह का बोझ न रहे। इस अवसर पर कलेक्टर राहुल जैन ने कहा सभी जोड़े सात फेरे लेने के साथ ही तीन संकल्प लें कि वे नशे से दूर रहेंगे, भ्रूण हत्या और खुले में शौच नहीं करेंगे। समारोह में आयुक्त विनोद शर्मा, मीना जाटव, पार्षद पुरुषोत्तम टमोटिया, जगत सिंह कौरव आदि उपस्थित थे।