तिघरा के पानी का पीलापन दूर करने खरीदी जाएगी 30 लाख की रसायनिक सामग्री
तिघरा से आने वाले पानी का पीला रंग खत्म हो चुका है। मोतीझील के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का ट्रीटमेंट चल रहा है। बुधवार को पानी का प्री-क्लोरिनेशन करने के साथ-साथ पोटेशियम परमैग्नेट मिलाया गया। गर्मी में आगे तापमान में वृद्धि से काई और आयरन बढ़ने की समस्या बनी रहने वाली है। नगर निगम के पीएचई अमले ने समस्या के निदान के लिए 30 लाख रुपए की रासायनिक सामग्री खरीदने का निर्णय लिया है। यह सामग्री लघु उद्योग निगम के माध्यम से खरीदी जाएगी।
पिछले दिनों शहर के कुछ हिस्सों में मोतीझील प्लांट से पीला पानी आने का मामला सामने आया था। पीएचई की लैब में पानी का टेस्ट भी किया गया। उसमें पानी का कलर गहरा पीला निकला। इसके बाद ट्रीटमेंट लगातार चल रहा है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित ने बताया, सुभाष नगर, लाइन नंबर 1, 2 और 8 में दो दिन पहले पीला पानी आया था। बुधवार को पानी साफ आया है।
अक्टूबर तक का स्टॉक: गर्मी का मौसम अभी शुरू हुआ है। बीते दिनों 280 मीट्रिक टन क्लोरिन खरीदने के लिए टेंडर हो चुका है। शेष सामग्री को खरीदने की तैयारी है। यह सामग्री आते ही मोतीझील प्लांट पर अक्टूबर तक का स्टॉक हो जाएगा, जिससे पानी का समय-समय पर ट्रीटमेंट किया जाएगा।
ये सामग्री खरीदी जाएगी
सामग्री मात्रा
पोटेशियम परमैग्नेट 1000 किलो
एलम 350 मीट्रिक टन
ब्लीचिंग पाउडर 20 मीट्रिक टन
चूना 60 मीट्रिक टन