पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • 11 दिन के हाई अलर्ट में 3 बड़ी वारदातें फुटेज मिले फिर भी बदमाश बेसुराग

11 दिन के हाई अलर्ट में 3 बड़ी वारदातें फुटेज मिले फिर भी बदमाश बेसुराग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर | बुधवार को पुरानी छावनी के इंडियन ओवरसीज बैंक में बुधवार को डर के साए में काम हुआ। बैंक में दिनभर ताला लगा रहा, ग्राहक के आने पर उसकी पहचान पूछकर ही अंदर एंट्री दी गई और काम पूरा होने के बाद एक मिनट भी रुकने नहीं दिया। बैंक मैनेजर नरेश मीणा ने उच्च प्रबंधन से सुरक्षा गार्ड की मांग की है, अभी नहीं मिल सका है। दिन में पुलिस टीम बैंक में इन्वेस्टिगेशन करने पहुंची, लेकिन सुरक्षा के लिए गार्ड नहीं दिया गया। पुलिस ने पुराने बदमाशों के चेहरों से लुटेरों के चेहरों का मिलान कराया लेकिन बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी। मंगलवार शाम 3.48 बजे इंडियन ओवरसीज बैंक लूटने के लिए कट्‌टा लेकर घुसे बदमाशों को बैंक स्टाफ ने खदेड़ दिया था।

वारदातें पुलिस अलर्ट पर सवाल

क्राइम रिपोर्टर | ग्वालियर

भारत बंद के दौरान 2 अप्रैल को हुए उपद्रव के बाद से शहर की पुलिस हाई अलर्ट पर है। लेकिन हाई अलर्ट के बीच ही शहर में 11 दिन में 3 बड़ी वारदातें हो गईं। विक्की फैक्टरी के पास बदमाशों ने टैंकर से डीजल लूट लिया। सिटी सेंटर में बैंक से 2.08 लाख रुपए चोरी हो गए। इसके बाद हथियारबंद बदमाश पुरानी छावनी के इंडियन ओवरसीज बैंक लूटने की कोशिश कर फरार हो गए। तीनों ही वारदातों में पुलिस को बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले लेकिन अब तक पुलिस बदमाशों की पहचान तक नहीं कर पाई हैै।

बैंक अफसरों से बोले परिजन-सुरक्षा का भी ध्यान रखें

मंगलवार को लूट के प्रयास के दौरान बहादुरी दिखाने वाले बैंक अफसरों को बैंक प्रबंधन और समाज के सभी वर्गों से शाबासी मिली। लेकिन घरवालों ने कहा कि ऐसा करते समय उन्हें अपनी सुरक्षा का भी ख्याल रखना चाहिए। असिस्टेंट मैनेजर अंजलि का कहना है कि परिजन ने आते समय कहा है कि वह मिर्ची पाउडर साथ लेकर जाया करे।

वहीं कैशियर जसपाल सिंह की मां ने भी घर से निकलते समय समझाइश दी कि इस तरह से अपनी जान को खतरे में डाले बिना काम करें। वहीं असिस्टेंट मैनेजर संदीप कुमार का कहना था कि घरवालों और रिश्तेदारों ने बहादुरी दिखाने पर शाबाशी दी है।

बैंक में चोरी, डीजल लूट के आरोपियों की पहचान तक नहीं कर पाई पुलिस

7 अप्रैल: बैंक में चोरी, बाइक पर जाते बदमाशों के मिले थे फुटेज

सिटी सेंटर के एक्सिस बैंक में चोरों ने शराब कंपनी के मुनीम पूजन याग्निक का 2.08 लाख रुपयों से भरी पॉलीथिन गायब कर दी थी। यहां पर दो बदमाशों ने उन्हें झांसा दिया कि उनके रुपए नीचे गिर गए हैं, वह रुपए उठाने के लिए झुके इस दौरान चोरों ने रुपए पार किए और निकल गए। पुलिस को बाइक से जाते हुए चोरों का सीसीटीवी फुटेज मिला था लेकिन बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। अब तक पुलिस इन चोरों को तलाश नहीं पाई है।

इंडियन ओवरसीज बैंक

स्टाफ ने चैनल गेट पर ताला लगाकर किया काम, पुलिस से भी नहीं मिला सुरक्षा गार्ड

12 अप्रैल: टैंकर ड्राइवर को बंधकर बनाकर 6 लाख का डीजल लूटा, 3 बदमाशों के फोटो भी आए, सुराग नहीं

12 अप्रैल को झांसी रोड में विक्की फैक्टरी के नजदीक स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने टैंकर ड्राइवर मुकेश झा को बंधक बनाकर टैंकर लूट लिया था। इसके बाद टैंकर बेहटा पुलिस चौकी के नजदीक हाईवे पर खड़ा मिल गया और इसमें 6 लाख रुपए का 9 हजार लीटर डीजल निकाल लिया था। इस घटना में भी 6 में से 3 बदमाशों के फुटेज पुलिस को मिल गए थे, इनकी भी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

रियलिटी चेक: पुरानी छावनी ही नहीं हजीरा, झांसी रोड सहित 3 थानों के बोर्ड पर लिखे फोन नंबर मिले बंद

मंगलवार शाम को बैंक में लूट के प्रयास के तुरंत बाद पुरानी छावनी थाने में फोन लगाया था लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में पता चला कि थाने का फोन खराब हैं। बुधवार को पुरानी छावनी थाने के साइन बोर्ड पर लिखे नंबर 0751- 2640235 को बार-बार लगाने के बाद भी यह रिसीव नहीं हुआ। हजीरा थाने के साइन बोर्ड पर 2 फोन नंबर लिखे हुए हैं, यह दोनों ही फोन चालू हैं। ग्वालियर थाने का एक फोन नंबर चालू है और दूसरा खराब। झांसी रोड थाने का फोन भी खराब है।

सीसीटीवी में बहोड़ापुर की ओर जाते दिखे, बानमोर पुलिस ने बताया- हमने भी इस हुलिए के बदमाश देखे हैं: इंडियन ओवरसीज बैंक के बगल में स्थित एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया है कि बदमाश बहोड़ापुर की ओर भागे हैं। वहीं बानमोर पुलिस ने सूचना दी है कि 4 बजे लूट का प्रयास करने वाले बदमाशों जैसे हुलिए के युवक मुरैना की ओर जाते हुए दिखाई दिए थे। हालांकि अफसरों का कहना है कि संभव है कि बदमाश बहोड़ापुर की ओर वाले रास्ते के बीच से कटकर मुरैना की ओर मुड़ गए हाें।

हमने उच्च प्रबंधन से सुरक्षा गार्ड मांगा है। पुलिस का सुरक्षा गार्ड भी नहीं मिला है। -नरेश मीणा, मैनेजर, पुरानी छावनी शाखा, इंडियन ओवरसीज बैंक

17 अप्रैल: इंडियन ओवरसीज बैंक में आए बदमाश, सीसीटीवी फुटेज फिर भी सुराग नहीं

मंगलवार शाम को पुरानी छावनी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में भी बदमाश पहुंच गए थे। इन बदमाशों ने कट्टे की नोंक पर लूट की कोशिश की लेकिन बैंक अफसरों के साहस की वजह से वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। यहां भी सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास हैं लेकिन अब तक सुराग हाथ नहीं आया है।

पुराने बदमाशों के बीच बैंक लुटेरों की तलाश की जा रही है। एटीएम के बाहर के कैमरे से अस्पष्ट फुटेज मिला है। - प्रीति भार्गव, टीआई, पुरानी छावनी थाना

खबरें और भी हैं...