परमिट से दोगुने टेंपो रोक रहे चौराहों पर ट्रैफिक
शिंदे की छावनी में तिराहे पर बेतरतीब खड़े टेंपो के कारण लगा जाम।
शहर पर दाग
खराब ट्रैफिक
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | ग्वालियर
सड़कों पर परमिट से दोगुने दौड़ रहे टेंपो, हजारों ऑटो और लेफ्ट टर्न के फुटपाथ पर अतिक्रमण ने शहर की रफ्तार रोक दी है। सुबह-शाम के व्यस्त समय में लश्कर में लगभग सभी मार्गों पर जाम लगता है। जबकि दोपहर में स्कूलों की छुट्टी होने पर बसें चौराहों पर फंसने से जाम लग जाता है। यह स्थिति दैनिक भास्कर टीम द्वारा शहर के मार्गों पर जाम की स्थिति और उसके कारण का अध्ययन करने पर सामने आई। यदि व्यस्त मार्गों के चौराहों के लेफ्ट टर्न से अतिक्रमण हटाकर बिना परमिट सवारी वाहनों पर कार्रवाई हो तो जाम से राहत मिल सकती है।
शहर में परमिटधारी टेंपो सिर्फ 805 हैं, लेकिन सड़कों पर इससे दोगुने टेंपो चल रहे हैं। इसी तरह 10 हजार से ज्यादा ऑटो और लगभग 785 स्कूल बसें चौराहों पर ट्रैफिक रोककर जाम लगा रही हैं। टेंपो व ऑटो चौराहों पर सवारियों का इंतजार करते हैं और इनके पीछे लंबा जाम लग जाता है। शहर में जिंसी नाला, गश्त का ताजिया, शिंदे की छावनी, नदी गेट, माधौगंज चौराहा, महाराज बाड़ा, जनकगंज चौराहा नई सड़क व सराफा बाजार की सड़क पर यही स्थिति बनती है।
भास्कर ऑन द स्पॉट
शिंदे की छावनी चौराहा
(प्रति घंटा वाहन 1400
पीक अावर्स में 1700)
यहां नौगजा रोड पुलिस चौकी के सामने लेफ्ट टर्न पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहते हैं। इससे छप्पर वाला पुल की ओर से आने वाले वाहन फंस जाते हैं। नौगजा रोड व जेल की ओर से आने वाले वाहन चौकी के सामने चौराहे के दो पॉइंट से एक साथ छप्पर वाला पुल की ओर टर्न होते हैं और जाम लग जाता है।
महाराज बाड़ा सरकारी प्रेस
(प्रति घंटा वाहन 1800
पीक अावर्स में 2200)
यहां भी पुलिस चौकी है फिर भी लेफ्ट टर्न पर ही आधी सड़क तक अतिक्रमण हैं। आगे बढ़ें तो ई-रिक्शा, तांगे व ठेले बीच सड़क पर जमे रहते हैं। यहां सुबह से रात तक जाम रहता है। टर्न पर ट्रैफिक फंसने से दौलतगंज और माधोगंज तक जाम लग जाता है। यही स्थिति बाड़े के गांधी मार्केट चौराहे पर है।
सनातन धर्म मंदिर रोड
(प्रति घंटा वाहन 1300
पीक अावर्स में 1700)
यहां कुछ कदम की दूरी पर इंदरगंज थाना है और रोशनी घर रोड व शहीद स्तंभ के सभी लेफ्ट टर्न पर ठेले व पार्किंग का अतिक्रमण हैं। शहीद स्तंभ पर ही स्थायी रूप से ठेले लगे हैं। पेट्रोल पंप के टैंकर भी रोड पर खड़े रहते हैं।