राजस्थान की ओर से गरम हवा आते ही गर्मी करने लगी बेचैन
ग्वालियर| पिछले एक सप्ताह से बादल छाने व हल्की बारिश के चलते गर्म हवा से शहरवासियों को राहत रही। लेकिन अब वातावरण में नमी में गिरावट आने व राजस्थान की ओर से उत्तर-पश्चिमी हवा आने के कारण गर्मी लोगों को बेचैन करने लगी है। पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिसे गिरावट के साथ 41 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 40 फीसदी रही। यह सामान्य से 7 फीसदी अधिक रही। शाम की आर्द्रता 25 फीसदी रही। यह सामान्य से 8 फीसदी अधिक रही।