पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • 41 ट्रैफिक सिग्नलों में से 29 पर मानकों के विपरीत बनी हैं जेब्रा लाइन, निगम नहीं दे रहा ध्यान

41 ट्रैफिक सिग्नलों में से 29 पर मानकों के विपरीत बनी हैं जेब्रा लाइन, निगम नहीं दे रहा ध्यान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जेब्रा लाइन पर चल रहे राहगीरों को सड़क पार करने डिवाइडर क्रॉस करना पड़ रहा है।

स्पेशल रिपोर्टर | ग्वालियर

शहर में बने 41 ट्रैफिक सिग्नलों में से 29 पर आम राहगीरों के चलने के लिए बनाई गई जेब्रा लाइन रोड इंजीनियरिंग के सभी मानकों के विपरीत बने हैं। यहां जेब्रा लाइन के ऊपर से ही डिवाइडर निकाल दिए हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को उन्हें क्रॉस करके निकलना पड़ता है। अापाधापी में पैदल चलने वाला राहगीर ट्रैफिक के बीच फंसकर परेशान होता है तो कई बार चौराहों व तिराहों पर इसके कारण ट्रैफिक जाम लगता है।

क्या हैं जेब्रा क्रासिंग के मानक

नगर निगम के अधीक्षण यंत्री प्रदीप चतुर्वेदी बताते हैं कि जेब्रा क्रॉसिंग से पहले ही सड़क पर सफेद पट्टी आड़ी तिरछी बनी होनी चाहिए। जो वाहन चालकों को अपने वाहन धीरे करने का संकेत दे। फिर पीले रंग की स्टॉप लाइन होनी चाहिए, वह वाहनों को वहीं रुक जाने का इशारा करती है। स्टॉप लाईन से 5 मीटर दूर सफेद पट्टी में जेब्रा क्रॉसिंग का चिह्न अंकित होना चाहिए। इससे पैदल यात्री बत्ती के लाल होने पर सड़क पार कर सके। जेब्रा क्रॉसिंग से डिवाइडर हमेशा एक मीटर आगे या पीछे होने चाहिए।

राहगीर हो रहे परेशान

पड़ाव चौराहा : पड़ाव चौराहा पर हर एक घंटे में 1 हजार 2 पहिया व 4 पहिया वाहन गुजरते हैं। पड़ाव पुल के समाप्त होते ही जेब्रा लाइन व डिवाइडर एक साथ बने हैं। पैदल चलने वाले राहगीरों को इन डिवाइडरों को पार करके ही सड़क क्रॉस करना होती है।

होटल तानसेन तिराहा: हर घंटे यहां से भी 500 वाहन गुजरते हैं। लेकिन होटल तानसेन से निकलने वाले राहगीरों को सड़क क्रॉस करने के लिए जिस जेब्रा लाईन का उपयोग करना होता है, उसके लिए डिवाइडर पार करके ही चलना पड़ता है।

निगम करें कार्रवाई

कई बार निगम को लिख चुके हैं कि वे ट्रैफिक सिग्नलों पर जेब्रा लाइन रोड इंजीनियरिंग के पैमानों के अनुसार बनवाएं। लेकिन वे कोई कार्रवाई नहीं करते। -मनोज वर्मा, डीएसपी, ट्रैफिक पुलिस, ग्वालियर

ठीक कराएंगे जेब्रा लाइन

शहर में जो जेब्रा लाइन रोड इंजीनियरिंग के पैमानों के विपरीत बनी हैं, उन्हें ठीक कराने हम जल्द ही काम शुरू कराएंगे। -आरके श्रीवास्तव, अपर आयुक्त, ननि

खबरें और भी हैं...