साथी के साथ मरीजों के अटेंडेंट को दूध गर्म करने के लिए परेशान होते देखा तो पहल करते हुए फ्री में दूध गर्म करने की सुविधा शुरू कर दी। सुरभि समाजसेवा समिति के सदस्य जेएएच में मरीजों का दूध न केवल फ्री में गर्म करके देते हैं बल्कि उन्हें बिस्किट भी प्रदान कराते हैं। पिछले साढ़े तीन साल से यह समिति मरीजों की मदद कर रही है।
समिति के अध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव के मित्र अजय कुमार जैन की बच्ची करीब 4 साल पहले न्यूरोसर्जरी वार्ड में भर्ती थी। बच्ची के लिए दूध गर्म करने के लिए काफी परेशान होना पड़ता था। तभी से सभी साथियों ने निर्णय किया कि मरीजों की सुविधा के लिए फ्री दूध गर्म करके देंगे। इसके बाद सुरभि समाज सेवा समिति बनाई। जेएएच परिसर में बने पुलकित मेडिकल स्टोर के संचालक डॉ. पराग गोयल ने मेडिकल स्टोर के बगल से न केवल जगह दी बल्कि दूध गर्म करने के लिए इंडक्शन कुकर के लिए बिजली भी मुहैया कराई। सुरभि समाज सेवा समिति के सचिव मनीष सविता के अनुसार बिस्किट व अन्य सामान के लिए समिति के 15 सदस्य हर माह 5-5 हजार रुपए देते हैं। सुबह और शाम मरीजों का दूध फ्री गर्म करके दिया जाता है। इसके अलावा यहां दूध गर्म कराने आने वाले को एक बिस्किट का पैकेट भी देते हैं। मरीजों का दूध सुबह 9 से 12 बजे तक तथा शाम को 6 से 8.30 बजे तक गर्म किया जाता है।
मरीजों के लिए दूध गर्म करते समिति के सदस्य।
मरीजों की सेवा करने में मिलता है सुकून
ग्वालियर| मरीजों का दर्द देखकर छात्रों की एक टोली जिला अस्पताल मुरार में मरीजों की मदद कर रही है। ये टोली हर रविवार को चाय और बिस्किट भी बांट रही है। ये सभी छात्र राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े हुए हैं। टोली में शामिल प्रो. रविकांत अदालतवाल, ज्योति गोस्वामी, शिवराज सिंह, धर्मेन्द्र, शिवा सिंघल, शिवानी साहू, प्रियंका राय, आकाश अस्थाना के अनुसार बताते हैं कि कम खर्च में ज्यादा से ज्यादा मरीजों को लाभ पहुंच सके, इसके लिए टोली के लोग घर से चाय बनाकर लाते हैं आैर अस्पताल पहुंचकर मरीजों को बांटते हैं। टोली के सदस्य रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर यात्रियों को पानी पिला रहे हैं।
छात्रों के ग्रुप ने शुरू किया चप्पल बैंक 2 हजार बच्चों-बुजुर्गों काे पहनाईं चप्पलें
ग्वालियर| बच्चे और बुजुर्ग नंगे पांव धूप-गंदगी में परेशान न हों इसलिए शहर के छात्रों का एक ग्रुप गरीब व जरूरतमंदों को फ्री में चप्पल पहनाने का काम कर रहा है। ग्रुप के संयोजक आयुष बैद ने बताया कि हम मानवता ग्रुप मेंबर्स पागनवीसी स्कूल में गरीब बच्चों को पढ़ाने जाते हैं। पिछले साल मई में पढ़ाते वक्त कुछ बच्चों ने हमसे सवाल किया कि हम गरीबों के पैर में चप्पल तक नहीं है। हम कैसे आगे जा पाएंगे? इस सवाल के बाद हम सभी ग्रुप मेंबर्स ने ऐसा चप्पल बैंक तैयार करने का निर्णय लिया। जहां से जरूरतमंदों को फ्री में चप्पल मिल सकें। 25 मई 2017 को पागनवीसी स्कूल से ही हमने इसकी शुरूआत की। अभी तक ग्वालियर के 30 आवासीय क्षेत्रों, स्कूल एवं वृद्धाश्रम में पहुंचकर ग्रुप द्वारा 2 हजार जोड़ी से ज्यादा चप्पलें पहनाई जा चुकी हैं। श्री बैद ने बताया कि ग्रुप का हर मेंबर 100-100 रुपए हर महीने कलेक्शन जमा कराते हैं और उसी राशि से चप्पल बैंक व गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य किया जाता है।